उमा भारती ने की IAS वर्मा के बयान की निंदा:बोलीं- पार्टी टिकट देगी तो झांसी से लड़ूंगी लोकसभा चुनाव

पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने शनिवार को टीकमगढ़ में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की। झांसी रोड स्थित अपने फार्म हाउस पर उन्होंने ‘एक यात्रा मां के नाम’ की घोषणा की और कई राजनीतिक मुद्दों पर अपनी राय रखी। उन्होंने बताया कि ‘एक यात्रा मां के नाम’ खरगापुर विधानसभा के गर्रोली गांव से 30 नवंबर को शुरू होगी और 2 दिसंबर को उनके गृह ग्राम डूडा में समाप्त होगी। यह यात्रा गर्रोली, कछीआखेरा, सूरजपुर तिगैला, इमलाना, लखेरी, केलपुरा तिगेला, वनेरा, तालमऊ, गुखरई, मडखरा तिगैला, बुडेरा, दरगुवां और बड़ागांव होते हुए डूडा पहुंचेगी। यात्रा के दौरान प्रमुख स्थानों पर जनसभाएं भी आयोजित की जाएंगी। आईएएस संतोष वर्मा के बयान पर पूछे गए सवाल पर उमा भारती ने कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि संतोष वर्मा ने बेटियों को लेकर गलत बयान दिया है और सरकार को उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि भारत संस्कृति से ही हिंदू राष्ट्र है और इसे घोषित करने की आवश्यकता नहीं है। यहां की संस्कृति सर्वधर्म समभाव की है। उन्होंने यह भी कहा कि सत्ता, शासन और प्रशासन में बराबर की भागीदारी से हिंदू जाति में समानता आएगी और धर्म छिपाकर विवाह करना हत्या के समान है। झांसी से लड़ेंगी चुनाव, और कहीं से नहीं लोकसभा चुनाव लड़ने के सवाल पर पूर्व मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि यदि पार्टी उन्हें टिकट देती है और सांसद अनुराग शर्मा की सहमति होती है, तो वह झांसी से चुनाव लड़ेंगी। उन्होंने कहा कि वह झांसी के अलावा किसी और सीट से चुनाव नहीं लड़ेंगी। उमा भारती ने यह भी बताया कि जिले की लगभग 80 ग्राम पंचायतों ने स्वयं शराबबंदी का फैसला लिया है। इन सभी पंचायतों के सरपंचों और लोगों को 2 दिसंबर को बगाज माता मंदिर परिसर में सम्मानित किया जाएगा, ताकि शराब के खिलाफ कड़े कदम उठाने वाले लोगों को प्रोत्साहन मिल सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *