रामगढ़ जिले के उरीमारी न्यू बिरसा कोल डिपू में नक्सलियों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। लेवी की मांग को लेकर हथियारबंद उग्रवादियों ने मौके पर पांच राउंड फायरिंग की है। इस फायरिंग की चपेट में एक सीसीएल कर्मी भी आ गया। गोली उसके पैर में लगी है। फिलहाल उसका इलाज सीसीएल अस्पताल में चल रहा है। मौके पर नक्सलियों ने एक जेसीबी मशीन को आग के हवाले कर दिया। साथ ही दो अन्य जेसीबी और तीन हाइवा को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। पुलिस के पहुंचते ही भागे नक्सली जानकारी के मुताबिक नक्सलियों ने देर रात 12 से एक बजे के बीच इस घटना को अंजाम दिया है। नक्सलियों के तांडव की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी रामकुमार राम दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। थाना प्रभारी के अनुसार, पेट्रोलिंग गाड़ी के पहुंचते ही उग्रवादी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक जेसीबी पूरी तरह जल चुकी थी। 10 संदिग्ध हिरासत में लिए गए उरीमारी थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रांची जिले के हेंदेगीर-छापर से 10 संदिग्धों को हिरासत में लिया है। इनसे पूछताछ जारी है। घटना की जानकारी मिलते ही कई लोग मौके पर पहुंचे। लोगों के बीच ऐसी घटना के बाद दहशत छाया हुआ है। लोग पुलिस से शीघ्र कार्रवाई की मांग की है। इधर घटना के बाद अक्सर कोई न कोई संगठन घटना की जिम्मेदारी लेता है, पर इस घटना के बाद अब किसी भी संगठन का नाम सामने नहीं आया है।


