गुरदासपुर में परीक्षा केंद्र सुपरिटेंडेंट-टीचर सस्पेंड:पंजाब बोर्ड परीक्षा; मोबाइल फोन ले गई, वॉट्सऐप पर प्रश्नों के उत्तर मंगवाए

पंजाब स्कूल शिक्षा विभाग ने गुरदासपुर के सरकारी मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल में परीक्षा नियमों के उल्लंघन करने पर कड़ी कार्रवाई की है। विभाग ने परीक्षा केंद्र के सुपरिटेंडेंट और निगरानी शिक्षक को निलंबित कर दिया है। 17 मार्च को 10वीं कक्षा की अंग्रेजी परीक्षा के दौरान फ्लाइंग स्क्वॉड ने एक गंभीर अनियमितता पकड़ी थी। निगरान शिक्षक किरणदीप कौर परीक्षा हॉल में मोबाइल फोन ले गईं। वह वॉट्सऐप के जरिए प्रश्नों के उत्तर मंगवा रही थीं। यह घटना राजकीय मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल (बालक) गुरदासपुर की है। सुपरिटेंडेंट अश्विनी कुमार ने परीक्षा हॉल में मोबाइल फोन की अनुमति देकर घोर लापरवाही की। पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस के निर्देश पर दोनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। शिक्षा मंत्री ने कहा कि सरकार गुणवत्तापूर्ण और निष्पक्ष शिक्षा प्रणाली के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षाओं में किसी भी तरह की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड की फ्लाइंग स्क्वॉड टीमें लगातार निगरानी कर रही है। निलंबित शिक्षक करेंगे डीईओ को रिपोर्ट इस मामले में तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों शिक्षकों को तुरंत प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। निलंबन की अवधि के दौरान वे गुरदासपुर के जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) को रिपोर्ट करेंगे, जहां उनका मुख्यालय निर्धारित किया गया है। इसके अलावा, शिक्षा मंत्री ने विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया है कि अतिरिक्त विशेष टीमें गठित की जाएं और फ्लाइंग स्क्वॉड की संख्या बढ़ाई जाए, ताकि ऐसी अनुचित गतिविधियों का पूरी तरह से उन्मूलन किया जा सके और परीक्षाओं को पारदर्शी व निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराया जा सके। शिक्षा मंत्री बैंस ने आगे कहा, “मुख्यमंत्री स भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार एक ऐसा शैक्षिक माहौल तैयार करने के लिए प्रतिबद्ध है, जहां केवल योग्यता ही सफलता का निर्धारण करेगी।” उन्होंने दोहराया कि इस सिद्धांत से किसी भी तरह से भटकने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *