भास्कर न्यूज | बेमेतरा राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 अंतर्गत उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम को लेकर 26 जनवरी को नवसाक्षर मेला का आयोजन होगा। इसे लेकर जिले में तैयारी शुरू हो गई है। इसी कड़ी में डाइट प्राचार्य जेके घृतलहरे, जिला नोडल अधिकारी खोमलाल साहू, मास्टर ट्रेनर्स भुवन लाल साहू के द्वारा चारों ब्लॉक के संकुल समन्वयक की बैठक की। इस बैठक में 26 जनवरी को होने वाले उल्लास मेला को लेकर प्रशिक्षण दिया गया। खोमलाल साहू द्वारा मेले के आयोजन की रूपरेखा पर चर्चा की। उन्होंने बताया कि जिले के सभी ग्राम व निकाय के वार्ड में उल्लास नव साक्षर मेला का आयोजन होगा। इसमें 15 वर्ष से अधिक उम्र के सभी महिला व पुरुष शामिल होंगे, जो उल्लास साक्षरता केन्द्रों में अध्ययन करेंगे। असाक्षर को वालंटियर शिक्षक के माध्यम से पढ़ने लिखने की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। ताकि उन्हें 200 घंटे की शिक्षा पूर्ण करते हुए आगामी परीक्षा में शामिल कर उन्हें मूलभूत संख्या ज्ञान के साथ-साथ वित्तीय डिजिटल, कानूनी, स्वास्थ्य, स्वच्छता, चुनाव साक्षरता, जैसे महत्वपूर्ण जीवन कौशलों को जानकारी प्रदान किया जा सके। जहां पर उनका प्रारंभिक पंजीयन होगा व उनके स्टाल में प्रारंभिक संख्या ज्ञान, साक्षरता ज्ञान से संबंधित विभिन्न गेम्स निर्धारित किए गए हैं। उसे गेम्स के माध्यम से यह असाक्षर अपनी प्रतिभा को वहां निखारने का कार्य करेंगे। इनका चिह्नांकन करते हुए आगामी परीक्षा में शामिन करने वालंटियर नियुक्त होगा। आयोजन को लेकर संभाग स्तर के अधिकारियों ने वेबिनार के माध्यम से बैठक ली। इस बैठक में मेला आयोजन को लेकर अधिकारियों ने समीक्षा किया। इस वेबिनार में डीईओ, बीईओ, बीआरसी, प्राचार्य, संकुल समन्वयक उपस्थित थे। दुर्ग संभाग के संयुक्त संचालक आरएल ठाकुर ने सभी ब्लॉक के ग्राम पंचायत में आवश्यक तैयारी के निर्देश दिए। साथ ही उल्लास मेले के प्रचार प्रसार पर विभिन्न जानकारी प्रदान करते हुए अच्छी तरह से आयोजन करने कहा।


