ऊना में एक साथ जलीं चार चिताएं:होशियारपुर में सड़क हादसे में गई चारों की जान, साथी को छोड़ने जा रहे थे अमृतसर

होशियारपुर जिले के अड्डा दोसड़का में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में जान गंवाने वाले ऊना के चलेट गांव के चार युवकों का आज उनके पैतृक गांव में अंतिम संस्कार कर दिया गया। श्मशान घाट पर जब चारों की चिताएं एक साथ जलाई गईं, तो वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम हो गईं और पूरा माहौल गमगीन हो गया। रविवार सुबह चलेट गांव से चारों मृतकों सुखविंदर सिंह, सुशील कुमार, ब्रिज कुमार और अरुण कुमार की शव यात्रा एक साथ निकाली गई। इस हृदयविदारक दृश्य को देखकर गांव का हर घर शोक में डूबा नजर आया। अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और राजनीतिक व सामाजिक हस्तियों ने शिरकत कर दिवंगतों को श्रद्धांजलि अर्पित की। हादसे का विवरण यह भीषण हादसा शनिवार को उस वक्त हुआ जब चलेट गांव के ये युवक अपने साथी अमित कुमार को अमृतसर एयरपोर्ट छोड़ने जा रहे थे। अमित की दुबई के लिए फ्लाइट थी। होशियारपुर के अड्डा दोसड़का के पास उनकी कार (HP 72B-6869) और एक पनबस के बीच सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार सवार चारों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अमित कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। अधूरा रह गया सफर दुखद पहलू यह है कि जिस अमित को उज्ज्वल भविष्य के लिए विदेश भेजने की खुशी में सब साथ जा रहे थे, वही सफर उनके जीवन का अंतिम सफर साबित हुआ। घायल अमित कुमार का उपचार अस्पताल में चल रहा है, लेकिन अपनों को खोने का गम पूरे परिवार और गांव के लिए असहनीय है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *