राजधानी में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। हालत ये है कि हर दिन 30 से 40 लोग कुत्ते के काटने के बाद रिम्स और सदर अस्पताल पहुंच रहे हैं। पिछले एक महीने में सिर्फ रांची जिले में 1500 से ज्यादा लोगों ने एंटी रैबीज इंजेक्शन लिया है। रिम्स की इमरजेंसी में हर दिन 6 से 10 मरीज पहुंच रहे हैं, जबकि सदर अस्पताल में पहला, दूसरा और तीसरा डोज लेने के लिए 25 से 30 मरीजों की लाइन लग रही है। डॉक्टरों के मुताबिक, कुत्ते के काटने के बाद समय पर एंटी रैबीज इंजेक्शन नहीं लेने या डोज अधूरी छोड़ने से खतरा बढ़ जाता है। बीते एक महीने में दर्जनभर मरीजों में इंफेक्शन की स्थिति बन चुकी है। इनमें से कई मरीजों को भर्ती कर इलाज किया गया। तीन मरीज अभी इलाजरत हैं। बताते चलें कि रिम्स में सिर्फ पहला डोज दिया जाता है, बाकी के डोज सदर अस्पताल में लगाए जाते हैं। फिलहाल रिम्स में करीब 300 डोज और सदर अस्पताल में 4 हजार से अधिक डोज स्टॉक में हैं। जिले के सीएचसी में भी पर्याप्त मात्रा में दवा उपलब्ध है।


