एएसआई पर बुजुर्ग ग्रामीण को 20 डंडे मारने का आरोप:सीधी में जमीन विवाद की जांच के दौरान की मारपीट, पीड़ित पक्ष ने की शिकायत

सीधी में पुलिस ज्यादती का एक गंभीर मामला सामने आया है। कोतवाली थाने के एएसआई राजमणि रजक पर जमीन विवाद की जांच के दौरान एक बुजुर्ग ग्रामीण की बेरहमी से पिटाई करने का आरोप लगा है। ग्राम बमुरी निवासी लगभग सुखलाल यादव (60) को कथित तौर पर प्लास्टिक के डंडे से करीब 20 बार पीटा गया, जिसके बाद उनकी हालत गंभीर हो गई और उन्हें जिला अस्पताल सीधी में भर्ती कराया गया है। कोतवाली थाने में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग यह घटना शनिवार की बताई जा रही है। पीड़ित पक्ष ने मंगलवार को कोतवाली थाने में लिखित आवेदन देकर न्याय की मांग की है। जानकारी के अनुसार, सुखलाल यादव और गांव की मुन्नी यादव के बीच लगभग एक एकड़ जमीन को लेकर पुराना विवाद चल रहा था, जिसकी जांच का जिम्मा एएसआई राजमणि रजक को सौंपा गया था। परिजनों का आरोप है कि जांच के नाम पर एएसआई ने निष्पक्षता से काम नहीं किया और थाने बुलाकर सुखलाल यादव के साथ अमानवीय व्यवहार किया। एक कमरे में ले जाकर बुरी तरह पीटने का आरोप पीड़ित की बहू कल्पना यादव ने बताया, “मेरे ससुर को पहले थाने बुलाया गया, फिर थाने से लगे एक कमरे में ले जाकर बुरी तरह पीटा गया। वह किसी तरह घिसटते हुए सड़क तक पहुंचे, जिसके बाद किसी अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया।” डॉक्टरों के अनुसार, सुखलाल यादव की रीढ़ और पसलियों में चोट आई है, जिसके कारण उन्हें उठने-बैठने में तकलीफ हो रही है। टीआई बोले-जांच के बाद की जाएगी कार्रवाई इस पूरे मामले पर कोतवाली थाना प्रभारी कन्हैया सिंह बघेल ने बताया कि पीड़ित पक्ष का आवेदन मिल गया है और जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने स्पष्ट किया, “जांच के बाद जो तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।”

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *