भास्कर न्यूज | धालभूमगढ़ घाटशिला विधानसभा के विधायक सोमेश चंद्र सोरेन ने शुक्रवार को घोड़ाधुआ स्थित एकलव्य आवासीय विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय भवन, क्लासरूम और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। विधायक ने विद्यालय के प्रिंसिपल के साथ बैठक भी की और विद्यालय से जुड़े विभिन्न विषयों पर जानकारी प्राप्त की। बैठक में उन्होंने विद्यालय में कार्यरत शिक्षकों, विद्यार्थियों की संख्या, नामांकन प्रक्रिया और एडमिशन से जुड़ी जानकारी भी ली। विद्यालय के प्रिंसिपल प्रकाश परीड़ा ने विधायक से सेनेटरी पैड डिस्पोजल मशीन और एप्रोच रोड की मांग की। विधायक ने सभी समस्याओं को लिखित रूप में देने का सुझाव दिया। विद्यालय में वर्तमान में 6वीं, 7वीं और 8वीं कक्षा में कुल 128 विद्यार्थी नामांकित हैं। विद्यालय में कुल 6 स्थायी और 4 संविदा शिक्षक कार्यरत हैं।


