बुरहानपुर में सकलपंच गुजराती मोढ़ वणिक समाज की मोढ़ेश्वरी महिला मंडल ने गुरुवार को एकादशी उद्यापन्न का आयोजन किया। समाज की शनवारा स्थित वाड़ी में हुए इस कार्यक्रम में पंडित ललित कानूगो महाराज ने पूजा, अर्चना और हवन संपन्न कराया। यह आयोजन विशेष रूप से महिलाओं द्वारा महिलाओं के लिए किया गया था। पंडित ललित कानूगो महाराज ने बताया कि यह ग्यारस का उद्यापन पूजन था। इसमें महा विष्णु का पूजन बाल कृष्ण के रूप में किया गया। इसके अतिरिक्त गणेश जी, मां दुर्गा, कुल स्वामिनी और एक लिंग दो भद्रमंडल का भी पूजन किया गया, जिसके बाद हवन की आहुतियां दी गईं। पंडित कानूगो महाराज के अनुसार, इस आयोजन का उद्देश्य महिलाओं द्वारा अपने आनंदमय जीवन की खुशी मनाना था। मोढ़ेश्वरी महिला मंडल की सदस्य जया बेन शाह ने बताया कि मंडल समय-समय पर ऐसे धार्मिक आयोजन करता रहता है। जया बेन शाह ने जानकारी दी कि इससे पहले ऋषि पंचमी पर भी उद्यापन्न किया गया था। इस एकादशी उद्यापन्न में समाज की काफी संख्या में महिलाएं उपस्थित थीं, जो इस तरह के आयोजनों में सक्रिय भागीदारी निभाती हैं।


