राजकीय अमृतकौर अस्पताल में चोरों के हौसले बुलंद हैं। अज्ञात चोरों ने अस्पताल के कॉटेज वार्ड की प्रथम तल पर स्थित रिकॉर्ड रूम सहित तीन कमरों के ताले तोड़कर सामान चुरा लिया। चोरों ने कॉटेज वार्ड के प्रथम तल को निशाना बनाया। चोरों ने कमरों में लगे दो एयरकंडीशनर के कॉपर का सामान, कमरे में लगा पंखा, बेड के हैंडल सहित अन्य उपकरण चोरी कर लिए। इस दौरान रिकॉर्ड रूम में से चोरी गए सामान का आंकलन नहीं हो सका। हैरानी की बात यह है कि इतनी बड़ी वारदात होने के बावजूद अस्पताल प्रबंधन ने पुलिस में इसकी शिकायत दर्ज नहीं कराई गई। अस्पताल प्रशासन ने गुपचुप तरीके से नए ताले मंगवाकर चारों कमरों में लगवा दिए। इस संबंध में जब अस्पताल प्रबंधन से बात की गई तो इस मामले में कुछ भी कहने से कतरा रहे हैं। यह कोई पहला मौका नहीं है जब अमृतकौर अस्पताल में चोरी हुई हो। पूर्व में भी कई बार अस्पताल के उपकरणों और मरीजों के सामान पर हाथ साफ किया जा चुका है, लेकिन बार-बार हो रही इन घटनाओं और प्रशासन की ढुलमुल नीति के कारण अस्पताल की संपत्ति और यहां आने वाले मरीजों की सुरक्षा दांव पर लगी है। चौकी पर फिर लटका ताला अस्पताल में बढ़ती चोरियों का मुख्य कारण यहां स्थित पुलिस चौकी का बंद होना है। पिछले 3 माह से नफरी की कमी का हवाला देते हुए इस चौकी को फिर से बंद कर दिया गया है। चौकी पर ताला लगा होने से असामाजिक तत्वों व चोरों को वारदात को अंजाम देना आसान हो गया है।


