लुधियाना| ताजपुर इलाके में रविवार रात को एक शराब कारोबारी से 2 युवकों ने 80 हजार रुपए लूट लिए। वारदात उस समय हुई जब कारोबारी अपनी एक्टिवा पर घर जा रहे थे। मामले में पीड़ित कारोबारी मनजीत सिंह बोबी ने बताया कि उनका ठेकों पर शराब की पेटियां देने का काम है। वारदात के समय वह ताजपुर रोड पर स्थित ठेकों से पेटियों के पैसे इक्कट्ठे करके लौट रहे थे। तभी बाइक सवार 2 बदमाशों ने उन्हें धारदार हथियारों समेत घेर लिया। उसके बाद कुर्ते की जेब को खींच कर जेब से करीब 80 हजार रुपए झपट लिए। पीड़ित ने बताया कि अचानक से पीछे से आए युवकों ने जब झपटमारी की तो वे अपनी एक्टिवा से नीचे गिर गए। इसके बाद तुरंत एक्टिवा पर बैठ आरोपियों का पीछा करने लगे। लेकिन बाइक सवार कॉलोनियों में से जाते हुए कही लापता हो गए।


