एक्सआईएसएस का दीक्षांत समारोह आज, 11 छात्रों को गोल्ड, आठ को सिल्वर मेडल

सिटी रिपोर्टर |रांची जेवियर इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल सर्विस (एक्सआईएसएस), रांची का 64 वां दीक्षांत समारोह 3 मई को शाम 4:30 बजे से संस्थान कैंपस में आयोजित किया गया है। इस कार्यक्रम में बैच 2023-2025 के 312 विद्यार्थियों के बीच डिग्री बांटी जाएगी। इसमें 11 छात्रों को गोल्ड, 08 सिल्वर, एवं 05 को ब्रॉन्ज मेडल दिया जाएगा। 04 छात्रों को 1.62 लाख रुपए के नकद पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। चयनित 24 छात्रों के बीच 7.6 लाख रुपए की संस्थागत स्कॉलरशिप भी प्रदान की जाएगी। इनमें फादर माइकल वैन डेन बोगार्ट एसजे मेमोरियल स्कॉलरशिप एससी/एसटी वर्ग के मेधावी छात्रों, फादर माइकल अल्बर्ट विंडी एसजे मेमोरियल स्कॉलरशिप मेधावी छात्रों और फादर लुइस फ्रेकेन एसजे मेमोरियल स्कॉलरशिप सभी श्रेणियों के छात्रों के समग्र प्रदर्शन के लिए शामिल है। समारोह में झारखंड सरकार की कृषि, पशुपालन और सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की मुख्य अतिथि होंगी। जबकि, विशिष्ट अतिथि, अंतर्राष्ट्रीय विकास सलाहकार गिलहर्म वाज और चेयरमैन फादर अजीत कुमार खेस होंगे। इस साल का फादर माइकल वैन डेन बोगार्ट एसजे मेमोरियल प्रतिष्ठित एलुमिनाई अवार्ड, रूरल डेवलपमेंट के 1979-81 बैच के अशोक कुमार सिंह को दिया जाएगा। अशोक कुमार सिंह सामाजिक विकास क्षेत्र में एक प्रतिष्ठित नाम है और सहभागी शिक्षण केंद्र (एसएसके), लखनऊ, उत्तर प्रदेश के संस्थापक निदेशक हैं। संस्थान में अपनी लम्बी सेवा देने लिए फैकल्टी एवं स्टाफ को सम्मानित भी किया जाएगा। समारोह में डिग्री ले रहे छात्रों के साथ-साथ उनके माता-पिता और एलुमिनाई भी शामिल होंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *