एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आया युवक, मौत:गुना में ट्रेन के इंजन से टकराया, काफी देर मौके पर ही खड़ी रही ट्रेन

गुना शहर के गुलाबगंज क्षेत्र में नए साल की रात एक दर्दनाक रेल हादसा हो गया, जहां एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से 25 वर्षीय एक युवक की जान चली गई। यह घटना गुना-ग्वालियर रेलवे ट्रैक पर खेजरा रोड स्थित रेलवे फाटक के समीप हुई। सूचना मिलते ही कैंट पुलिस मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान गुलाबगंज निवासी गोलू (25), पुत्र लालाराम जाटव के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि बुधवार रात करीब 10 बजे गोलू घर से बाहर निकला था। कयास लगाए जा रहे हैं कि वह रेलवे ट्रैक के पास शौच के लिए या किसी अन्य कार्य से गया होगा, तभी वह तेज रफ्तार एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आ गया। उसका सिर ट्रेन के इंजन में लगा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद कुछ समय के लिए एक्सप्रेस ट्रेन घटनास्थल पर ही खड़ी रही, जिससे आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। चीख-पुकार सुनकर मृतक के चाचा गोपीलाल जाटव और अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ट्रेन के रवाना होने के बाद जब शव की शिनाख्त हुई, तो परिवार में मातम छा गया। गुरुवार सुबह जिला अस्पताल में परिजनों की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम कराकर उसे अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया है। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है कि आखिर हादसा किन परिस्थितियों में हुआ।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *