एक्सीडेंट में घायल महिला की मौत के बाद हंगामा:पति का आरोप- हमीदिया हॉस्पिटल में जिंदा पत्नी को मृत समझकर फ्रीजर में डाल दिया

भोपाल के हमीदिया हॉस्पिटल में शनिवार की रात को एक्सीडेंट में घायल महिला की मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा कर दिया। पति का आरोप है कि, पत्नी की जान डॉक्टरों की लापरवाही से गई है। बेहोश पत्नी को मृत समझकर मॉर्चुरी के फ्रीजर में रख दिया गया। पति ने दावा किया कि, वह स्वयं पैरामेडिकल स्टाफ से है। मॉर्चुरी में फ्रीजर में रखी पत्नी को चेक किया तो बॉडी गर्म थी। उसकी नब्ज चल रही थी। हंगामा करने पर डॉक्टरों ने चेक किया, तब तक देर हो चुकी थी। पत्नी की मौत हो गई। थाना कोहेफिजा में मामले की शिकायत की गई है। पुलिस ने आवेदन रिसीव कर जांच का आश्वासन दिया है। मायके से लौटते समय हुआ हादसा मृतका रामकुंवर अहिरवार (38) पति तुलाराम अहिरवार निवासी रत्न कॉलोनी करोंद गृहिणी थीं। उनके पति ने बताया कि मकर संक्रांति पर पत्नी बैरसिया स्थित मायके नहीं जा सकी थी। लिहाजा शुक्रवार को वह एक्टिवा पर सवार होकर बेटा लखन (14) और बेटी खुशबू (12) के साथ बैरसिया गई। एक दिन एक रात वहीं रुकी। शनिवार की शाम को घर लौट रही थीं। तभी नेपानिया गांव में एक्टिवा स्लिप हो गई। घायल बच्चों और पत्नी को एम्बुलेंस से हमीदिया अस्पताल लाया गया। मुझे इस इस बात की जानकारी नहीं है कि पत्नी का एक्सीडेंट किसी वाहन की टक्कर से हुआ कि स्वयं स्लिप हुई। महिला के पति ने डॉक्टरों पर लगाए गंभीर आरोप महिला के तुलाराम अहिरवार ने बताया कि, हमीदिया हॉस्पिटल में बेहोश पत्नी को डॉक्टरों ने मृत समझ लिया। जबकि उसके शरीर पर किसी तरह की गंभीर चोट नहीं है। उसे तत्काल मॉर्चुरी में रखवा दिया गया। हादसे की सूचना के बाद मैं हमीदिया पहुंचा, पत्नी के संबंध में पूछा किसी ने जवाब नहीं दिया। बच्चों को भी तब तक इलाज नहीं दिया गया था। बाद में किसी ने बताया कि, पत्नी की मौत हो चुकी है, उसके शव को मॉर्चुरी में रखा है। मैं अंदर गया और फ्रीजर खोलकर पत्नी को चेक किया। तब पत्नी को फ्रीजर में रखे काफी देर चुकी थी। इसके बाद भी शव गरम था, उसकी धड़कन चल रही थी। मैं खुद एम्स में पैरामेडिकल स्टाफ में हूं। मुझे यकीन था कि पत्नी जिंदा है, शोर मचाता रहा। तब आधे से पौन घंटे के बाद डॉक्टर दोबारा चेक करने आए और पत्नी को मृत घोषित कर दिया। समय अधिक हो चुका था, आखिर वह कितनी और देर जिंदा रहती। हमीदिया हॉस्पिटल के डॉक्टर्स के कारण मेरी पत्नी की जान गई है। इमरजेंसी वार्ड के बाहर परिजनों का हंगामा मामले की जानकारी मिलते ही मृतका के परिजन इमरजेंसी वार्ड के बाहर एकत्र हो गए। डॉक्टरों पर कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा किया। लोग चक्का जाम करने की धमकी दे रहे थे। तभी मौके पर पुलिस पहुंची और भीड़ को समझाइश दी। टीआई बोले- शिकायत की जांच कराएंगे टीआई विजेंद्र मर्सकोले ने बताया कि, परिजनों ने जिंदा महिला को फ्रीजर में रखने और इसके बाद मौत होने के आरोप लगाए हैं। इसका एक शिकायती आवेदन भी उनकी ओर से दिया गया है। आवेदन की जांच कराएंगे। हमीदिया प्रबंधन इस मामले में आधिकारिक बयान नहीं दे रहा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *