उदयपुर के गोगुंदा–बगडुंदा मार्ग पर जोगियों का गुड़ा में सोमवार देर शाम सड़क हादसा हो गया। जिसमें एक अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान भरत प्रजापत पिता रोडीलाल प्रजापत, निवासी बगडुंदा के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार भरत प्रजापत गोगुंदा से अपने गांव बगडुंदा की ओर बाइक से जा रहा था। इसी दौरान जोगियों का गुड़ा के पास अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद आसपास ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। उन्होंने तुरंत युवक को निजी वाहन से गोगुंदा अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना सरपंच प्रतिनिधि दिलीप गमेती ने पुलिस और मृतक के परिजनों को दी। गोगुंदा टोल नाके के पास ‘आनणाजी दाल-बाटी’ की दुकान संचालित करता था। सूचना पर पुलिस गोगुंदा अस्पताल पहुंची और शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। मृतक का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंपा जाएगा। इनपुट: गोपाल लोढ़ा, गोगुंदा


