एक गलती छुपाने पर कई गलतियां होती है

सिटी रिपोर्टर | बोकारो बुधवार को जिला परिषद सभागार में जिला समाज कल्याण विभाग की ओर से बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के तहत एक दिवसीय साइबर फ्रॉड व साइबर सुरक्षा विषय पर कार्यशाला का आयोजन किया गया। डीसी अजय नाथ झा, जिप अध्यक्ष सुनीता देवी, डीडीसी शताब्दी मजूमदार आदि ने उपस्थित छात्राओं, सभी सीडीपीओ, महिला पर्यवेक्षिकाओं को संबोधित करते हुए साइबर अपराध से बचाव के उपाय बताए और सतर्क रहने की अपील किया। डीसी ने कहा कि अगर कोई गलती अनजाने में बेटियों से हो जाती है, तो उसे छुपाना नहीं चाहिए। उसे स्वीकार करना चाहिए और तुरंत अपने अभिभावक या शिक्षक को बताना चाहिए। ऐसा करने से आपका व्यक्तित्व हमेशा पवित्र बना रहेगा। उन्होंने कहा कि जीवन में गलती होना स्वाभाविक है, लेकिन उसे छुपाना गंभीर परिणाम ला सकता है। एक गलती छुपाने के लिए कई गलतियां करनी पड़ती है और यह जीवन में सही राह से भटका सकता है। एआई के युग में हमें और ज्यादा सतर्कता बरतनी है। किसी भी तरह की सामग्री जिससे निजता प्रभावित होती है, उसे शेयर नहीं करना है, साफ इंकार कर देना है। डीडीसी शताब्दी मजूमदार ने अपने साथ घटित एक साइबर फ्रॉड मामले का उदाहरण सब के बीच साझा किया और कैसे उन्होंने इससे बचाव किया बताया। कहा कि ऐसे मामलों में घबराने के बजाय उपलब्ध सुरक्षा माध्यमों का इस्तेमाल करना चाहिए। वहीं मुख्यालय डीएसपी अनिमेष गुप्ता और अन्य प्रशिक्षक रविंद्र कुमार, महिला थाना प्रभारी आदि ने साइबर अपराध के प्रकार, उसके माध्यम और रोकथाम पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि साइबर ठगी मोबाइल कॉल, सोशल मीडिया, ई-मेल और ऑनलाइन पेमेंट प्लेटफॉर्म के जरिए हो सकती है। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की छात्राएं, सभी सीडीपीओ, महिला पर्यवेक्षिका आदि शामिल हुईं। आगे यह कार्यक्रम जिले के विभिन्न विद्यालयों व आंगनबाड़ी केंद्रों में किया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *