एक गांव गोद लेकर मॉडल गांव के रूप में विकसित करें उद्यमी : राष्ट्रपति

सिटी रिपोर्टर | रांची राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के झारखंड प्रवास के दौरान राजभवन में शहर के विभिन्न समाज और व्यापारिक संगठन के प्रबुद्धजनों ने झारखंड चैंबर के पूर्व अध्यक्ष कुणाल आजमानी के नेतृत्व में शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान राष्ट्रपति ने सामाजिक विकास में विभिन्न वर्गों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि सबकुछ सरकार नहीं कर सकती, समाज की सक्रिय भूमिका से ही व्यापक बदलाव संभव है। उन्होंने समाज के द्वारा चलाए जा रहे अस्पताल, स्कूल, धर्मशालाओं जैसे कार्यों का विशेष उल्लेख किया और सुझाया कि उद्यमी और व्यापारी मिलकर एक गांव गोद लेकर उसे मॉडल गांव के रूप में विकसित करें। जरूरत पड़ने पर वो स्वयं इस पहल का उद्घाटन करने आएंगी। राष्ट्रपति ने व्यापारी-उद्यमी समाज की प्रशंसा करते हुए कहा कि उद्यमी समाज रोजगार देने में बड़ी भूमिका निभाता है। एक व्यक्ति को रोजगार मिलने से आनेवाली कई पीढ़ियां अच्छी जीवनशैली से जुड़ती हैं। प्रतिनिधिमंडल में शामिल अतुल गेरा ने ब्लड डोनेशन के लिए स्पेशल एक्ट बनाने की आवश्यकता बताई और कहा कि जनहित में कानून को प्रभावी किया जाना जरूरी है, जिसपर राष्ट्रपति ने उनके प्रयासों की सराहना की। कुणाल आजमानी ने कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू झारखंड के लिए प्रेरणास्रोत रही हैं। राज्य के सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक विकास के प्रति उनका विशेष लगाव और सक्रिय मार्गदर्शन हम सभी के लिए अमूल्य है। चैंबर अध्यक्ष परेश गट्टानी ने राष्ट्रपति से रोजगार और औद्योगिक विकास, शिक्षा व स्वास्थ्य सुविधा, राज्य के सभी जिलों में रेल नेटवर्क और ब्रॉडबैंड कनेक्टिविटी को गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए पहल की आवश्यकता बताई। साथ ही यह भी कहा कि राज्य में स्टार्टअप इनक्यूबेशन सेंटर एवं एमएसएमई हब की स्थापना में केंद्र सरकार से विशेष सहयोग की जरूरत है। उन्होंने यह भी आग्रह किया कि आदिवासी समाज की परंपराओं, संस्कृति एवं जल, जंगल, जमीन पर अधिकारों की रक्षा के लिए केंद्र सरकार द्वारा विशेष नीति बनाए जाने की जरूरत है जिससे उनके सर्वांगीण विकास के िलए ठोस कदम उठाये जा सके। प्रतिनिधिमंडल में जैन, पटेल, मारवाड़ी, पंजाबी, गुजराती, साहू समाज सहित व्यापार और उद्योग जगत के प्रतिनिधि समेत चैंबर अध्यक्ष परेश गट्टानी, पूर्व अध्यक्ष कुणाल आजमानी, धीरज तनेजा, प्रांतीय मारवाड़ी सेवा समिति के गोवर्धन गाड़ोदिया, गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा के सचिव गगनदीप सिंह सेठी, जैन चैरिटेबल ट्रस्ट के सचिव अमित जैन, गुजराती पटेल समाज के अध्यक्ष विजय भाई पटेल, उद्यमी पुनीत पोद्दार व अन्य शामिल थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *