झालावाड़| जिले के पीएमश्री विद्यालय के विद्यार्थियों ने मॉक विधानसभा सत्र में विधायक की भूमिका निभाई। प्रबल कार्यक्रम 2025 के तहत राजस्थान युवा सभा में जिले के तीन विद्यार्थी शामिल हुए मुख्य विधानसभा सत्र में प्रदेश भर के सरकारी विद्यालयों से 164 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। विधानसभा की कार्यवाही से पूर्व 11 से 14 दिसंबर तक विद्यार्थियों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया। जिसमें सदन की प्रक्रिया प्रश्न काल, चर्चा, पक्ष विपक्ष की भूमिका और अनुशासित संवाद का अभ्यास कराया गया झालावाड़ जिले से पीएमश्री राउमावि झालावाड़ के छात्र मोहित राव, पीएमश्री विद्यालय दुर्गापुर की छात्रा कल्पना राज रेगर और पीएमश्री विद्यालय नसीराबाद की छात्रा पूर्वा शर्मा ने विधायक की भूमिका निभाई। राज्य के 41 जिले में प्रत्येक जिले से दो छात्र व दो छात्राओं का चयन किया गया था। मेंटर शिक्षक सुनीता कुमारी ने बताया कि मॉक विधानसभा सत्र में विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया की व्यावहारिक जानकारी दी गई। कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी और शिक्षा मंत्री मदन दिलावर की उपस्थिति रही।


