एक पिल्ले को पैर से कुचला, दूसरे को डंडे से मार डाला; 6 कबूतरों की गर्दन मरोड़ी

भास्कर न्यूज| लुधियाना गांव रणिया और जोधां के निकट स्थित गांव सहौली में बेजुबानों से हैवानियत के ऐसे 2 मामले सामने आए हैं, जो इंसानियत को भी पूरी तरह से झकझोर देने वाले हें। इनमें एक मामले में आरोपी ने कुत्ते के 2 में एक पिल्ले को पैरों तले रौंदा और दूसरे को डंडे से पीट-पीटकर मार डाला। यही नहीं इस कृत्य की वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल कर दी। जबकि जोधां के गांव सहौली में शराब के नशे में धुत आरोपियों ने 6 पालतू कबूतरों की एक-एक करके गर्दनें मरोड़ कर मार डाला और खाली प्लॉट में फेंक दिया। इन दोनों ही मामलों में थाना डेहलों व जोधां की पुलिस ने तीनों आरोपियों पर अलग-अलग मामले दर्ज कर लिए हैं। हालांकि तीनों आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं। थाना डेहलों की पुलिस ने यह मामला पशु प्रेमी एवं संस्था के अध्यक्ष मनी सिंह की शिकायत पर दर्ज किया है। इसमें पुलिस ने गांव रणियां, रंजीत एवेन्यू के रहने वाले वरिंदर सिंह पर मामला दर्ज किया है। मनी ने पुलिस को बताया कि सोशल मीडिया पर उन्होंने एक वीडियो देखी। वीडियो में एक व्यक्ति पिल्लों को पीटता हुआ दिखाई दे रहा है। उसने एक पिल्ले को पैरों तले दबा दिया, जबकि दूसरे को डंडे से पीट-पीटकर मार डाला। उसने आरोपी की पहचान की और पुलिस को शिकायत दी। जिस पर थाना डेहलों की पुलिस ने आरोपी पर मामला दर्ज किया। थाना जोधा के गांव सहौली में शराब के नशे में धुत आरोपियों ने 6 पालतू कबूतरोंं को मौत के घाट उतार दिया। एक-एक करके कबूतरों की गर्दनें मरोड़ी गईं और फिर सभी मृत कबूतरों को खाली प्लॉट में फेंक दिया। थाना जोधां की पुलिस ने 2 आरोपियों गुरप्रीत और अमरजीत सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। उधर, मृत कबूतरों के शवों का शुक्रवार को सराभा के सरकारी अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया। इसकी रिपोर्ट 4 दिन बाद आएगी। पुलिस ने यह मामला गांव सहौली के रहने वाले परमिंदर की शिकायत पर दर्ज किया। परमिंदर ने बताया कि उसने और उसके भाई ने अपने घर पर कबूतर रखे हुए है, जिन्हें वह शौक से पालते हैं। घटना 5 दिन पहले 16 मार्च रात की है जब उसका भाई आरोपियों के साथ शराब पी रहा था। आरोपी शराब के नशे में धुत होकर उसके भाई के घर पर सो गए थे। आधी रात को आरोपी अमरजीत सिंह कबूतरों वाले कमरे में गया और एक-एक कर 6 कबूतरों की खुड्डी से बाहर निकाल सभी की एक-एक कर गर्दन मरोड़ दी। इसके बाद मृत कबूतरों को पास के खाली प्लॉट में फेंक दिया। एसएचओ जोधा दविंदर सिंह ने बताया कि आरोपी अमरजीत सिंह और गुरप्रीत सिंह, दोनों गांव सहौली के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि फिलहाल दोनों आरोपी फरार हैं पुलिस उन्हें पकड़ने के लिए छापेमारी कर रही है। उन्होंने कहा कि मृत कबूतरों का मेडिकल कराया गया है। रिपोर्ट आने में चार दिन का समय लगेगा, जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।। फोटो में पिल्लों को पीटता आरोपी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *