एक महीने में टपकने लगी नवनिर्मित अस्पताल भवन की छत:वार्ड में फैला पानी; 35 करोड़ की लागत से बना था 200 बेड का अस्पताल

राजगढ़ जिला अस्पताल में करोड़ों की लागत से बने नए भवन के एक वार्ड में छत से पानी टपकने लगा है। छत से टपक रहे पानी के वार्ड में फैलने से फर्श पर फिसलन हो रही है, जिससे मरीज और उनके परिजन परेशान है। जिला अस्पताल का 200 बिस्तरों वाला मल्टी स्पेशलिटी भवन हाल ही में 35 करोड़ रुपए की लागत से बनकर तैयार हुआ था। जी+2 स्ट्रक्चर वाले इस अत्याधुनिक भवन को जिले की स्वास्थ्य सुविधाओं में बड़ा सुधार माना जा रहा था, लेकिन अस्पताल शिफ्ट होने के महज एक महीने के भीतर ही दूसरी मंजिल पर स्थित F26 (जनरल वार्ड-6) में छत से पानी टपकने लगा। पानी कहा से आ रहा है अभी इसका पता नहीं चला है, लेकिन छत से टपक रहे पानी के कारण जनरल वार्ड 6 में भर्ती मरीजों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। जिला स्वास्थ्य अधिकारी- इसे तुरंत ठीक करवाएंगे इस मामले को लेकर दैनिक भास्कर ने जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. किरण वाडिया से बातचीत की। उन्होंने कहा कि हम रोज अस्पताल जाते हैं, लेकिन मुझे इस समस्या की जानकारी नहीं थी। यह किस तरह की बात है, समझ नहीं आ रहा। मैं इसे तुरंत दिखवाती हूं। उन्होंने आगे कहा कि जब से अस्पताल की यह बिल्डिंग बन रही थी, तब से यहां कई गेस्ट आ रहे हैं और हम उनके साथ अस्पताल के हर कमरे का निरीक्षण कर चुके हैं। अस्पताल शिफ्ट होने से पहले भी हमने इसे देखा था। अगर तब यह समस्या सामने आती, तो हम इसे तुरंत ठीक करवाएंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *