श्रीगंगानगर| ‘एक राष्ट्र–एक चुनाव’ के समर्थन में शुक्रवार को डॉ. भीमराव अंबेडकर राजकीय महाविद्यालय में हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व ‘एक राष्ट्र–एक चुनाव’ के जिला संयोजक एडवोकेट वैभव भारती ने किया। इस दौरान महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अभियान के समर्थन में हस्ताक्षर किए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एडवोकेट वैभव भारती ने कहा कि लोकसभा और विधानसभा चुनाव अलग-अलग समय पर होने से देश का बहुमूल्य समय और अरबों रुपये व्यर्थ होते हैं। बार-बार चुनाव होने से न केवल सरकारी धन खर्च होता है, बल्कि प्रशासनिक कार्य भी प्रभावित होते हैं। यदि पूरे देश में एक साथ चुनाव कराए जाएं, तो इससे सरकारी संसाधनों की बचत के साथ-साथ विकास कार्यों में तेजी आएगी। उन्होंने बताया कि ‘एक राष्ट्र–एक चुनाव’ के समर्थन में 12 जनवरी तक प्रदेशव्यापी हस्ताक्षर अभियान चलाया जा रहा है। वैभव भारती ने कहा कि आगामी दिनों में स्कूलों, कॉलेजों और विभिन्न संस्थानों में जाकर जनसंपर्क किया जाएगा और हस्ताक्षर अभियान को और अधिक व्यापक बनाया जाएगा।इस अवसर पर ऋषभ नायक, पूर्व छात्रसंघ संयुक्त सचिव हिमांशु खन्ना, मुकेश भार्गव, रजत स्वामी, राजपाल मेघवाल, उज्ज्वल, आमिर खान सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।


