शहर के व्यस्त सरस्वती नगर रेलवे फाटक को जल्द बंद किया जाएगा। ऐसे में यात्रियों को आमानाका अंडरब्रिज के जरिए आना-जाना करना होगा। रेलवे ने इसके लिए करीब पौने दो करोड़ रुपए की लागत से 610 मीटर लंबी कांक्रीट सड़क बन गई है, जिसे जनवरी अंत तक लोगों के लिए खोला जाएगा। मुंबई-हावड़ा रेल मार्ग पर स्थित करीब 100 बार बंद होने वाली सरस्वती रेलवे क्रॉसिंग को पूरी तरह बंद कर यातायात को आमानाका गेट की ओर मोड़ा जाएगा। वर्तमान में यहां 6 मीटर चौड़ी सड़क है। रेलवे द्वारा बनाई गई नई कांक्रीट सड़क भी 6 मीटर चौड़ी है, लेकिन दोनों सड़कों के बीच बिजली विभाग के 17 खंभे बाधा बन रहे हैं। इन खंभों को शिफ्ट करने के लिए रेलवे बिजली विभाग को 25 लाख का भुगतान कर चुका है। क्रॉसिंग बंद, इसलिए नई सड़क
यात्री की सहूलियत को देखते हुए रेलवे क्रॉसिग को बंद करना है। इसलिए नई सड़क का निर्माण किया गया है। इसे जल्द शुरू करेंगे। -दयानंद, डीआरएम, रायपुर रेल मंडल रोज क्रॉसिंग में फंसते हैं लोग
फाटक बंद होने के कारण यहां सुबह 10 से 12 बजे और शाम 5 से 9 बजे तक दोनों ओर करीब एक किलोमीटर लंबा जाम लग जाता है। इस दौरान जाम में स्कूली बसें फंस जाती हैं और बच्चे समय पर स्कूल नहीं पहुंच पाते। वहीं कार्यालय जाने वाले लोगों को भी देरी का सामना करना पड़ता है। स्थानीय लोगों के मुताबिक सुबह 9 बजे से रात 10 बजे तक इस मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहती है।


