भास्कर संवाददाता | उज्जैन विद्यार्थियों को एक शैक्षणिक सत्र में दो बार प्रवेश का मौका देने के उद्देश्य से एक सत्र में दो प्रवेश प्रक्रिया करवाई जाएगी। विश्वविद्यालय में दो प्रवेश प्रक्रिया की तैयारी शुरू हो गई है। जल्द ही रिक्त सीटों पर प्रवेश देने के लिए ऑनलाइन लिंक खोली जाएगी। मध्य प्रदेश के परंपरागत विश्वविद्यालयों में सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय पहला विश्वविद्यालय होगा, जो एक शैक्षणिक सत्र में दो प्रवेश प्रक्रिया की व्यवस्था को सबसे पहले लागू करेगा। इसी सप्ताह से शैक्षणिक सत्र में दूसरी बार प्रवेश प्रक्रिया को शुरू कर ऑनलाइन लिंक खोली जाएगी। आमतौर पर विद्यार्थियों के लिए मई-जून में प्रवेश प्रक्रिया होती है। प्रवेश प्रक्रिया में कई बार विद्यार्थी एडमिशन लेने से वंचित रह जाते हैं, जिसके कारण उन्हें प्रवेश के लिए अगले शैक्षणिक सत्र तक इंतजार करना पड़ता है। पहले चरण में इसे केवल अध्ययनशालाओं के लिए लागू किया जाएगा। कुलानुशासक प्रो. शैलेंद्र कुमार शर्मा ने बताया विश्वविद्यालय में एक शैक्षणिक सत्र में दो प्रवेश प्रक्रिया को लेकर स्वीकृति हो चुकी है।


