7 महीने में 200 मीटर भी नहीं बनाई सड़क

भास्कर संवाददाता | उज्जैन वीडी मार्केट से तेलीवाड़ा तक सड़क चौड़ीकरण की धीमी रफ्तार से क्षेत्रवासियों का सब्र टूट गया। जुलाई 2025 में शुरू हुए प्रोजेक्ट को 7 महीने से ज्यादा हो चुके हैं, लेकिन 200 मीटर सड़क भी पूरी नहीं बन सकी। लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है। मंगलवार को नाराज रहवासी सड़कों पर उतर आए। तेलीवाड़ा चौराहे पर डेढ़ घंटे तक चक्काजाम कर विरोध जताया। लोगों ने कहा चौड़ीकरण के नाम पर पूरी सड़क खोद दी गई। नाली नहीं बनने से पानी सड़कों पर भर रहा है। यह गंदा पानी घरों तक पहुंच रहा है। जलप्रदाय के समय हालात और बिगड़ जाते हैं। विरोध में पूर्व निगम सभापति आजाद यादव, पार्षद प्रतिनिधि मोहित जायसवाल और नेता प्रतिपक्ष रवि राय भी सड़क पर बैठे। रहवासियों ने चेतावनी दी कि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। मौके पर पहुंचे अपर आयुक्त पवन सिंह, सहायक यंत्री डूंगरसिंह परिहार ने आश्वासन दिया कि पांच दिन में सड़क आवागमन के लिए चालू कर दी जाएगी। लोगों ने बताया सड़क अधूरी, नालियां नहीं बनी और जलप्रदाय के दौरान गंदा पानी घरों तक पहुंच रहा है। दुर्गाबाई राठौड़ ने कहा खुदी सड़कों के कारण घर में पहुंचना मुश्किल हो गया है। व्यापार ठप है। राजकुमार बड़वाह ने बताया कि मां की तबीयत खराब होने पर उन्हें बाहर निकालने के लिए ठेकेदार से ऐन मौके पर सड़क का भराव करवाना पड़ा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *