छत्तीसगढ़ के बलौदा बाजार जिले के पलारी नगर में राज्य सरकार ने एक नई पहल की है। नगर पंचायत की राशन दुकानों पर चावल उत्सव का आयोजन किया गया। इस दौरान हितग्राहियों को जून, जुलाई और अगस्त महीने का राशन एक साथ फ्री दिया गया है। इस योजना से हितग्राहियों को हर महीने राशन दुकान जाने की परेशानी से छुटकारा मिल गया है। राशन दुकानों पर लाभार्थी एक बार में ही तीन महीने का राशन लेकर खुश नजर आए। किसान और मजदूर वर्ग के लिए यह योजना विशेष लाभदायक है। बारिश के मौसम में वे खेती के काम में व्यस्त रहते हैं। एक साथ राशन मिलने से होगी समय की बचत एक लाभार्थी गिरजेश वर्मा ने बताया कि पहले हर महीने राशन लेने में पूरा दिन निकल जाता था। अब तीन महीने का राशन एक साथ मिलने से समय की बचत होगी। हितग्राही सुशीला बाई ने कहा कि सरकार ने गरीबों की मदद की है। अब वे बच्चों की देखभाल और घर के कामों पर ध्यान दे पाएंगी। राशन की चिंता दूर हुई – ग्रामीण राशन वितरण कार्यक्रम में मौजूद पार्षदों ने भी सरकार की इस योजना की सराहना की। पार्षद देवेंद्र वर्मा ने कहा कि गरीब परिवारों को राहत मिली है। पार्षद मंजू कृष्णा देवांगन और राधा भोला वर्मा ने बताया कि यह योजना महिलाओं और किसानों के लिए फायदेमंद है। बारिश के दिनों में मजदूरों को राशन की चिंता नहीं रहेगी।


