राज्य सरकार का एक साल पूरा होने के उपलक्ष्य में विधायक जयदीप बिहाणी की ओर से शहर के सेठ जीएल बिहाणी एसडी पीजी कॉलेज में रखे एक साल बेमिसाल कार्यक्रम के लिए बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जुटे हुए हैं। गांवों कस्बों से सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता रैली के रूप में कार्यक्रम स्थल पर पहुंच रहे हैं। खेल मैदान के सुखाड़िया मार्ग स्थित गेट से सभी को प्रवेश दिया जा रहा है वहीं आगे बनी दो विंग में महिला पुरुष और विशिष्ट लोगों के लिए ब्लॉक्स बनाए गए हैं।
कार्यक्रम स्थल पर मौजूद विधायक जयदीप बिहाणी सभी का अभिनंदन स्वीकार कर रहे हैं। वहीं कुछ देर में आयोजन में प्रदेश के डिप्टी सीएम प्रेमचंद बैरवा और कुछ अन्य मंत्रियों के पहुंचने की संभावना है। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री राजेंद्र राठौड़ भी आ सकते हैं। विधायक नेआयोजन में करीब बारह मंत्रियों के शामिल होने की बात कही है। शहर के सेठ गोपीराम गोयल की बगीची में वाहनों की पार्किंग रखी गई है वहीं अभी नगर परिषद के पूर्व सभापति महेश पेड़ीवाल सहित कई प्रमुख लोग मंच संभाले हुए हैं। कुछ दिन में विशिष्ट अतिथियों और मंत्रियों के पहुंचने की संभावना है।कार्यक्रम में व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन के अधिकारी डटे हुए हैं।


