रांची यूनिवर्सिटी में समय पर परीक्षा और रिजल्ट नहीं आने पर नर्सिंग छात्राओं का धैर्य जवाब दे दिया है। सोमवार को दोपहर 12 बजे नर्सिंग छात्राएं शहीद चौक स्थित विवि मुख्यालय पहुंचीं और परीक्षा विभाग में धरना पर बैठ गईं। इस क्रम में शीघ्र परीक्षा आयोजित करने और रिजल्ट जारी की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी की। कहा कि नर्सिंग सेशन अभी एक साल लेट चल रहा है। यही स्थिति रही तो परीक्षा के आयोजन व रिजल्ट में एक साल और लग जाएगा। विलंब से रिजल्ट आने के बाद करियर प्रभावित होगा। प्रदर्शन कर रहीं छात्राएं धरना स्थल पर वीसी से वार्ता करने की मांग पर अड़ी थीं। लगभग तीन घंटे बाद वीसी डॉ. अजीत कुमार सिन्हा धरना स्थल पर पहुंचे और नर्सिंग छात्राओं से बात की। वीसी ने परीक्षा विभाग के ओएसडी समेत अन्य पदाधिकारियों को तलब किया और नर्सिंग का परीक्षा प्रोग्राम जारी करने का निर्देश दिया। परीक्षा विभाग द्वारा नर्सिंग परीक्षा का शिड्यूल जारी होने के बाद धरना समाप्त करने की घोषणा की गई। वीसी ने कहा कि सेशन नियमित करने के लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं। यह है नर्सिंग का एग्जाम शिड्यूल 1. बीएससी नर्सिंग : सेशन 2022-27 फर्स्ट सेमेस्टर, सेशन 2022-26 सेकेंड सेमेस्टर नियमित और बैकलॉग का एग्जाम फार्म 18 जून से 24 जून तक जमा होगा। वहीं 400 रुपए विलंब शुल्क के साथ 25 जून से 28 जून तक जमा होगा। 2. बीएससी नर्सिंग : फर्स्ट इयर बैकलॉग और सप्लिमेंटरी एग्जाम 2023, सेकेंड इयर बैकलॉग एनुअल एग्जाम, थर्ड इयर एनुअल और फोर्थ इयर एनुअल एग्जाम का फार्म एग्जाम फार्म 18 से 24 जून तक जमा होगा। वहीं 400 रुपए विलंब शुल्क के साथ 25 से 28 जून तक जमा होगा। 3. बीएससी बेसिक नर्सिंग : फर्स्ट इयर बैकलॉग, सप्लिमेंटरी, सेकेंड इयर बैकलॉग एनुअल एग्जाम, थर्ड इयर एनुअल और फोर्थ इयर एनुअल एग्जाम शिड्यूल जारी कर दिया है। एग्जाम दो से 23 जुलाई तक दिन के 1 से 4 बजे तक आयोजित होगा। एक वर्ष पहले हो जानी चाहिए थी परीक्षा नर्सिंग छात्राओं ने कहा कि जिस बैच का एक साल पहले रिजल्ट हो जाना चाहिए था, वह अभी परीक्षा प्रोग्राम जारी होने का इंतजार कर रहा है। नर्सिंग 2020-24 सत्र के स्टूडेंट्स को पिछले वर्ष डिग्री मिल जानी चाहिए थी। लेकिन अभी तक फोर्थ इयर की परीक्षा ही नहीं हुई है। इसी प्रकार पोस्ट बेसिक नर्सिंग सेशन 2022-24 की अभी तक द्वितीय वर्ष की परीक्षा नहीं ली गई है। जबकि पिछले जून में ही रिजल्ट आ जाना चाहिए था।


