नामकुम मिलिट्री हॉस्पीटल परिसर में सेना की फर्जी मुहर बनाने वाले 2 गिरफ्तार, 17 फर्जी मुहर जब्त

नामकुम मिलिट्री हॉस्पीटल परिसर स्थित राठौर जनरल स्टोर में सेना के अधिकारियों के नाम से फर्जी मुहर बनाई जा रही थी। रांची पुलिस ने सोमवार को गिरोह के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें सर्वेश सिंह (43) और आशीष दास (47) शामिल हैं। दोनों के पास से 17 फर्जी मुहर मिले हैं। सर्वेश मूल रूप से बिहार के भभुआ का रहने वाला है। वहीं, आशीष रांची के पीपी कंपाउंड का रहने वाला है। एसएसपी चंदन सिन्हा ने बताया कि सूचना के आधार पर नामकुम स्थित मिलिट्री हॉस्पीटल परिसर में छापेमारी की गई। वहां भारी मात्रा में फर्जी रबर स्टांप बरामद किए गए। जिनमें सेना के कांस्टेबल से लेकर मेजर और कर्नल रैंक के अधिकारियों के नाम शामिल हैं। इसके अतिरिक्त फर्जी मेडिकल ऑफिसर की मुहर भी बरामद की गई है। पुलिस को आशंका है कि इन फर्जी मुहरों का इस्तेमाल कर कई नकली दस्तावेज तैयार किए गए होंगे। इस पूरे मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है और गिरोह में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर गिरफ्तारी की तैयारी की जा रही है। जनरल स्टोर का संचालक ऑर्डर लेकर मेन रोड में बनवाता था नकली मुहर पूछताछ के दौरान राठौर जनरल स्टोर के संचालक सर्वेश सिंह ने पुलिस को बताया कि वह पिछले 20 वर्षों से मिलिट्री हॉस्पीटल परिसर में दुकान चला रहा है। तीन साल पहले से मुहर बनवाने का काम शुरू किया। खुद को आर्मी स्टाफ बताकर कई बार फोन या प्रत्यक्ष रूप से लोग स्टांप बनवाने का ऑर्डर देते थे। सर्वेश ऑर्डर लेकर मेन रोड स्थित संकटमोचन हनुमान मंदिर के सामने आशीष दास की दुकान पर जाकर स्टांप बनवाता था। सर्वेश ने कहा कि 11 और 12 जून को भी एक व्यक्ति खुद को आर्मी स्टाफ बताकर स्टांप बनवाने आया था। फिलहाल पुलिस उस व्यक्ति की पहचान कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *