निवेश के नाम पर 1.53 करोड़ ठगने वाला यूपी से गिरफ्तार

सरायकेला के एक कारोबारी से 1.53 करोड़ की ठगी करने वाले आरोपी को साइबर थाने की पुलिस ने गिरफ्तार कर सोमवार को जेल भेज दिया है। जेल भेजे गए आरोपी का नाम मो. आसिफ है और वह उत्तरप्रदेश के हापुड़ जिले के कोतवाली हापुड़नगर का रहने वाला है। आरोपी के पास से पुलिस ने अलग-अलग बैंक के 5 पासबुक, 5 एटीएम कार्ड, पासपोर्ट और आधारकार्ड समेत अन्य दस्तावेज बरामद किए हैं। पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी मो. आसिफ ने कहा है कि कारोबारी से वाट्सएप के जिरए उसने संपर्क किया था। विभिन्न कंपनियों में निवेश के बाद दस गुना मुनाफा दिलाने का झांसा दिया था। इसके बाद वह कारोबारी से अलग-अलग खाते में पैसा ट्रांसफर कराया। आरोपी ने यह भी बताया है कि वह झारखंड के अलावा केरल, गुजरात, तेलंगाना और कर्नाटक के लोगों से भी ठगी कर चुका है। मालूम हो कि 1.53 करोड़ ठगे जाने के बाद पीड़ित कारोबारी ने 20 मई को घटना की जानकारी देते हुए साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस ने पूरे मामले की जांच की और टेक्निकल सेल की मदद से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। दिल्ली के गैंग से जुड़ा है ठग, एक खाते से 1.14 करोड़ का ट्रांजेक्शन : पुलिस जांच में इस बात की जानकारी मिली है कि गिरफ्तार आरोपी मो. आसिफ एक सक्रिय फ्रॉड है और वह िदल्ली के साइबर ठग गिरोह से जुड़ा हुआ है। गिरोह में कई सदस्य शामिल हैं। पुलिस जांच में इस बात की भी जानकारी मिली है कि आरोपी ने निजी बैंक के एक ही अकाउंट में 3 दिन के अंदर 1.14 करोड़ क्रेडिट कराया और फिर अलग-अलग किस्त में पूरा पैसा निकाल लिया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *