रेलवे ने यात्रियों के लिए अपनी ऐप को और सुविधाजनक बनाया है। रेल विभाग की ओर से यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवन एप लॉन्च किया गया है जिसके जरिए अब यात्रियों को टिकट बुकिंग, ट्रेन की लाइव स्थिति, प्लेटफॉर्म की जानकारी, शिकायत दर्ज कराने से लेकर अन्य रेल सेवाएं एक ही स्थान पर मिलेंगी। इससे अलग-अलग वेबसाइट या एप पर जाने की जरूरत खत्म हो जाएगी। रेलवे स्टेशन पर लगी एलईडी स्क्रीन, वीडियो वॉल और ड्यूल डिस्प्ले इंफॉर्मेशन सिस्टम (डीडीआईएस) के माध्यम से यात्रियों को रेलवन ऐप के प्रति जागरूक किया जा रहा है। बुकिंग की सेवाएं आईआरसीटीसी के सिस्टम से जुड़ी रहेंगी, जिससे लेन-देन पूरी तरह सुरक्षित रहेगा। अधिकारियों का कहना है कि डिजिटल इंडिया अभियान के तहत रेलवे अपनी सेवाओं को लगातार आधुनिक बना रहा है। रेलवन एप से पारदर्शिता बढ़ेगी और यात्रियों को त्वरित सेवाएं मिलेंगी। शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया भी सरल की गई है ताकि समस्याओं का समाधान तेजी से हो सके। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे नई सुविधाओं का लाभ उठाने के लिए रेलवन एप डाउनलोड करें और यात्रा को अधिक सुविधाजनक बनाएं। खानपान, रिफंड की भी सुविधा रेलवे के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक परमदीप सिंह सैनी के अनुसार रेलवन एप का उद्देश्य डिजिटल सेवाओं को सरल और एकीकृत बनाना है। अब यात्री आरक्षित और अनारक्षित टिकट की बुकिंग, पीएनआर स्टेटस चेक, ट्रेन की रनिंग स्टेटस, सीट उपलब्धता और किराया संबंधी जानकारी आसानी से प्राप्त कर सकेंगे। इसके अलावा खानपान, रिफंड, शिकायत और सुझाव जैसी सुविधाएं भी इसी प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध रहेंगी। उन्होंने बताया कि यह एप उपयोगकर्ता-अनुकूल इंटरफेस के साथ तैयार किया गया है, जिससे आम यात्रियों को भी इसे इस्तेमाल करने में दिक्कत नहीं होगी।


