गिरिडीह में मंगलवार को एक ही परिवार के तीन सदस्यों का शव एक तालाब के पास से बरामद किया गया। मां और बेटे की लाश पेड़ से बने फंदे से लटकी मिली। जबकि बेटी का शव तालाब में उपलाता मिला। पिता पुलिस हिरासत में है। घटना तिसरी के लोकाई थाना क्षेत्र स्थित बर्दानी गांव की है। पति-पत्नी के बीच रात में हुआ था विवाद मृतकों की पहचान चारो हेंब्रम की पत्नी रेणु टुडू (28), पुत्र सचित हेंब्रम (8) और पुत्री सरिता हेंब्रम (6) के रूप में की गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, चारो हेंब्रम और रेणु टुडू के बीच सोमवार रात किसी बात पर विवाद हुआ था। मंगलवार की सुबह कुछ ग्रामीण लोकाय थाना क्षेत्र के पनियाय गांव स्थित तालाब की ओर गए थे। इसी बीच उन्हें एक महिला और बच्चे का शव पेड़ से झूलता दिखाई दिया। वहीं, एक बच्ची का शव तालाब में उपलाता नजर आया। इसके बाद उन्होंने इसकी सूचना अन्य ग्रामीण, मुखिया और पुलिस को दी। पति पर हत्या की जता रहे लोग आशंका लोगों का कहना है कि पति-पत्नी के बीच हुए विवाद के बाद ही चारो हेंब्रम ने अपनी पत्नी ओर बेटे-बेटी की हत्या कर दी होगी। वहीं, घटना की सूचना मिलने के बाद लोकाई थाना की पुलिस के साथ साथ खोरीमहुआ एसडीपीओ राजेंद्र प्रसाद भी घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच में जुट गए हैं। पुलिस चारो हेंब्रम से पूछताछ कर रही है। पूर्व विद्यायक राजकुमार यादव और निजामुद्दीन अंसारी ने मौके पर पहुंचकर घटना की जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है। मामले की जांच को लेकर फोरेंसिक की टीम को बुलाया गया है। पूरे मामले का सभी दृष्टिकोण से जांच की जाएगी। जो भी आरोपी होंगे, उन्हें बिल्कुल भी बख्शा नहीं जाएगा। -राजेंद्र प्रसाद , एसडीपीओ, खोरीमहुआ


