झारखंड के पलामू जिले के उटारी रोड थाना क्षेत्र के दवारपार गांव में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। रंजीत यादव ने सोमवार रात करीब 9 बजे अपनी 27 वर्षीय पत्नी रिंकी कुमारी की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। आरोपी ने पत्नी के कमर, पीठ और शरीर के कई हिस्सों पर कुल्हाड़ी से वार किया। महिला की सास ने जब घटना को देखा तो उसकी चीखें निकल पड़ी। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। घायल महिला को गढ़वा जिले के सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिवार के हस्तक्षेप से मामला सुलझ गया था मृतका के पिता नसीब यादव ने बताया कि कुछ दिन पहले दंपती के बीच विवाद हुआ था। हालांकि परिवार के हस्तक्षेप से मामला सुलझ गया था। आरोपी पति शराब का आदी था और नशे में अक्सर पत्नी से मारपीट करता था। पुलिस ने मृतका के पिता की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। आरोपी 14 माह के बच्चे को लेकर फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।


