भास्कर न्यूज | अमृतसर लॉरेंस रोड इलाके में एक ही प्लॉट को 2 अलग-अलग खरीदारों को बेचकर 70 लाख रुपए की धोखाधड़ी करने के मामले में पति-पत्नी पर केस दर्ज हुआ है। पुलिस को दी शिकायत में पीड़िता ज्योति निवासी पिशोरी नगर, खंडवाला ने बताया लॉरेंस रोड निवासी मनजीत कौर ने खसरा नंबर 3218/1275 (175 वर्ग गज) का पहला इकरारनामा रविंदर सचदेवा के नाम करके 70 लाख रुपए हासिल किए थे। इसके बाद मनजीत कौर ने इस जगह की पावर ऑफ अटॉर्नी अपने पति रजिंदर सिंह के नाम कर दी और फिर यही मुख्तारनामा व वसीयत दीपक जोड़ा के नाम कर दी, जिस पर पति रजिंदर सिंह के साइन थे। इसके बाद 16 जुलाई 2025 को पावर ऑफ अटॉर्नी का इस्तेमाल कर 175 वर्ग गज जगह में से 105 वर्ग गज और 70 वर्ग गज के 2 अलग-अलग हिस्से करके ज्योति और आशू के नाम रजिस्ट्रियां करवा दी गईं। जांच में सामने आया कि एक ही जगह को 2 बार बेचकर धोखाधड़ी की गई है। एडीसीपी-2 अमृतसर की जांच और कानूनी राय के बाद थाना सिविल लाइन में आरोपी मनप्रीत कौर और उनके पति रजिंदर सिंह निवासी 83-ए-बी, वार्ड नंबर 44, लॉरेंस रोड के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। जांच अधिकारी एसआई दिलबाग सिंह ने बताया कि मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है।


