भास्कर न्यूज |लुधियाना ताजपुर रोड पर बुधवार तड़के कार सवार पांच बदमाशों ने दो दुकानों को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। आटा चक्की से चोरों ने करीब 25 हजार रुपए और चांदी के सिक्के चोरी किए। वहीं 50 मीटर दूर दूसरी और बड़ी चोरी दशमेश डेयरी में हुई, जहां से करीब 13.50 लाख रुपए नकद चोरी हुए। सुबह जब दुकानदार वहां पहुंचे तो चोरी का खुलासा हुआ। सीसीटीवी फुटेज में सामने आया कि देर रात स्कोडा में सवार पांच बदमाशों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया। बदमाश सबसे पहले दशमेश डेयरी पहुंचे। उन्होंने छोटे शटर को उखाड़ने में असफल रहने पर बड़े शटर को उखाड़ दिया। एक चोर दुकान में दाखिल हुआ, बाकी बाहर रेकी करते रहे। सुबह करीब 4:18 बजे शटर उखाड़ा गया और महज तीन मिनट, यानी 4:21 बजे तक चोरी की वारदात को अंजाम देकर बदमाश फरार हो गए। आटा चक्की के मालिक सनी, निवासी जगदीशपुरा, ने बताया कि चोर दुकान में बने केबिन से पूरा गल्ला ही निकालकर ले गए, जोकि पास ही स्थित दशमेश डेयरी में पड़ा मिला। चोरों ने जेबों में भरी नकदी: दशमेश डेयरी के मालिक अमनजोत सिंह ने बताया कि सुबह एक व्यक्ति के फोन से उन्हें घटना की जानकारी मिली। मौके पर पहुंचकर जब सीसीटीवी फुटेज चेक की गई तो सामने आया कि पांच आरोपी कार में सवार होकर आए थे। दो व्यक्ति कार में बैठे रहे, जबकि तीन बाहर निकले। दो आजू-बाजू निगरानी करते रहे और एक चोर शटर तोड़कर दुकान से नकदी का गल्ला उठाकर ले गया। आरोपियों ने कुछ नकदी अपनी जेब में भी भरी। आरोपियों ने चेहरे ढके हुए थे और कार का नंबर भी सीसीटीवी में साफ नजर नहीं आ पाया। सूचना थाना डिवीजन-7 पुलिस ने फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।


