हिसार में चर्च के सामने हनुमान चालीसा पाठ पर अड़े:हिंदू संगठनों के ऐलान के बाद पुलिस की 3 कंपनियां-वाटर कैनन लगाई; आयोजन आज

हिसार में क्रिसमस पर चर्च के सामने बजरंग दल द्वारा हनुमान चालीसा का पाठ करने के ऐलान से स्थिति तनावपूर्ण है। 160 साल पुराने सेंट थॉमस चर्च में क्रिसमस की तैयारी को देखते हुए पुलिस की 3 कंपनियां लगाई गई हैं। प्रशासन अलर्ट मोड पर है। चर्च के ठीक सामने क्रांतिमान पार्क है, जिसमें बजरंग दल ने हवन यज्ञ और हनुमान चालीसा का पाठ करने की तैयारी की है। प्रशासन ने हिंदू संगठनों से जुड़े नेताओं को बुधवार नोटिस भी जारी किया। बावजूद इसके वो अपने कार्यक्रम पर अड़े रहे। क्रांतिमान पार्क में झंडे व बैनर लगाने का काम देर शाम तक चला। यहां बजरंग दल के राष्ट्रीय संयोजक किशन प्रजापति आएंगे। दूसरी तरफ चर्च कमेटी के चेयरमैन राजेश ने कहा कि बजरंग दल के कार्यक्रम से कोई दिक्कत नहीं है। बस यही चाहते हैं कि यहां शांति बनी रहे। वहीं, कार्यक्रम के आयोजक प्रो. दीपक का कहना है कि उनके पास कार्यक्रम की अनुमति है। सभी नियमों को देखकर ही कार्यक्रम किए जाते हैं और इनका पालन भी किया जाता है। जानिए शांति बनाए रखने को प्रशासन की क्या तैयारियां… पहली बार सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ की तैयारी
क्रांतिमान पार्क में बजरंग दल ने जिस तरह से हवन यज्ञ और सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन रखा है, वह पहली बार हो रहा है। इससे पहले इस तरह का आयोजन यहां नहीं हुआ है। बजरंग दल के एक सदस्य ने बताया कि बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है। उसी को देखते हुए तैयारियां की गई हैं। हिंदू संगठनों के 4 नेताओं को नोटिस
पुलिस ने हिंदू संगठनों से जुड़े 4 नेताओं को नोटिस जारी किया। इमें क्वार्टर चौकी निवासी संजीव चौहान, इंद्रा कॉलोनी निवासी कपिल, लाहौरिया चौक निवासी प्रवीण और कैमरी निवासी अमर शामिल हैं। प्रशासन ने यह कदम इसलिए उठाया ताकि हिंदू संगठनों के पदाधिकारी माहौल न बिगड़ने दें। 4 पॉइंट में जानिए पुलिस के नोटिस में क्या लिखा… विक्टोरियन शैली में चर्च का इतिहास पुराना
जिस सेंट थॉमस चर्च के सामने हनुमान चालीसा पाठ का ऐलान किया गया है, वो चर्चा 19वीं शताब्दी में बना था। यह विक्टोरियन शैली में बना है। इंडियन नेशनल ट्रस्ट फॉर आर्ट एंड कल्चरल हेरिटेज (INTACH) द्वारा ऐतिहासिक स्मारक के रूप में मान्यता दी गई है। क्रिसमस के दिन यहां खास आयोजन होता है। चर्च के पास ही क्रांतिमान पार्क है, जो ब्रिटिश दौर में कंपनी बाग के नाम से जाना जाता था। यहां 1857 की क्रांति के दौर की याद में एक स्तंभ भी है। अब पढ़िए…जिन्हें नोटिस मिला उन्होंने क्या कहा चौहान बोले- कार्यक्रम से मेरा लेना-देना नहीं
नोटिस मिलने पर विश्व हिंदू परिषद प्रांत सह प्रमुख संजीव चौहान का कहना है कि उनका क्रांतिमान पार्क में होने वाले कार्यक्रम से कोई लेना-देना नहीं है। पुलिस ने बेवजह नोटिस दिया है। उनका हांसी में 25 दिसंबर को कार्यक्रम है। इसमें वंचित समाज के साधु संत भगवान राम के ऊपर प्रवचन देंगे और भंडारा करेंगे, ताकि वंचित समाज में मतांतरण जैसी घटनाओं को रोका जा सके। जिस नेता को नोटिस मिला, वह मुस्लिम युवक को थप्पड़ मार चुका
हिसार पुलिस ने कपिल वत्स नाम के हिंदू नेता को भी नोटिस थमाया है। कपिल वत्स ने 11 जुलाई 2017 को लाहौरिया चौक पर प्रदर्शन करते हुए विवेक नगर में मस्जिद के सामने यूपी के सहारनपुर निवासी आम व्यापारी मोहम्मद आसिन को थप्पड़ जड़ा था। मुस्लिम युवक से जबरन भारत माता की जय बोलने को कहा गया था। इस पर सिटी थाना पुलिस ने 100-125 अज्ञात लोगों पर केस दर्ज किया था। इसमें कपिल वत्स का भी नाम था। कपिल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। बाद में वह जमानत पर रिहा हुआ।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *