रायपुर के पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय (PRSU) में परीक्षा के बीच होली मिलन समारोह में डीजे बजाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया। राष्ट्रीय कला मंच ने रंग तरंग होली मिलन समारोह आयोजित किया था, जिसमें नियमों का उल्लंघन करते हुए तेज आवाज में डीजे बजाया गया। NSUI ने इस पर कड़ा ऐतराज जताया और विश्वविद्यालय प्रशासन से शिकायत की। NSUI ने किया विरोध, पहले ही दी थी शिकायत NSUI का कहना है कि विश्वविद्यालय एक शिक्षण संस्थान है, वहीं कैंपस में ही स्टूडेंट्स के हॉस्टल भी है, इस समय यूनिवर्सिटी की परीक्षाएं चल रही है। ऐसे में किसी भी संगठन को इस तरह के राजनीतिक आयोजन करने की अनुमति नहीं है। संगठन ने 7 मार्च को कुलपति को लिखित शिकायत देकर इस कार्यक्रम पर रोक लगाने की मांग की थी। कुलपति ने आदेश भी जारी किया था कि किसी भी छात्र संगठन को ऐसे आयोजन की अनुमति नहीं दी जाएगी। लेकिन, आरोप है कि दबाव में आकर विश्वविद्यालय प्रशासन ने बाद में अपने आदेश में बदलाव कर अप्रत्यक्ष रूप से इस कार्यक्रम को हरी झंडी दे दी। प्रशासनिक आदेश की अवहेलना शहर में पहले से ही अस्पतालों और शिक्षण संस्थानों में डीजे पर जिला प्रशासन और कलेक्टर द्वारा प्रतिबंध लगाया गया है। इसके बावजूद विश्वविद्यालय कैंपस के गार्डन में डीजे बजाया गया, जिससे न केवल प्रशासनिक नियमों का उल्लंघन हुआ बल्कि अनुशासनहीनता भी देखने को मिली। बाहरी लोगों की एंट्री पर सवाल NSUI ने सवाल उठाया कि इस कार्यक्रम में यूनिवर्सिटी के बाहर के लोग भी शामिल थे, जो सुरक्षा के लिहाज से चिंता का विषय है। विश्वविद्यालय में बाहरी लोगों की मौजूदगी नियमों के खिलाफ है और इससे छात्रों की सुरक्षा पर भी खतरा बढ़ सकता है। NSUI ने दी सड़कों पर उतरने की चेतावनी NSUI ने इस पूरे मामले को पक्षपातपूर्ण बताते हुए चेतावनी दी कि अगर विश्वविद्यालय प्रशासन निष्पक्ष कार्रवाई नहीं करता और इस तरह के राजनीतिक आयोजन जारी रहते हैं, तो संगठन लोकतांत्रिक तरीके से सड़कों पर उतरकर विरोध करेगा। NSUI ने यह भी कहा कि अगर भविष्य में इस तरह के आयोजनों से किसी भी तरह की अप्रिय घटना होती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी विश्वविद्यालय प्रशासन और जिला प्रशासन की होगी। फिलहाल विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है।


