लुधियाना| एचवीएम ग्लोबल स्कूल, सेक्टर 32 में मातृ दिवस का भव्य आयोजन हुआ, जिसमें बच्चों और माताओं ने मिलकर अनमोल यादें बनाईं। इस खास मौके पर स्कूल परिसर पूरी तरह से उमंग और उत्साह से सराबोर रहा। फाउंडेशनल स्टेज के बच्चों ने अपनी माताओं के साथ ड्रॉ विद हार्ट गतिविधि में चित्र बनाए, जिन्हें बच्चों ने रंगों से सजाकर भावनात्मक जुड़ाव का प्रतीक प्रस्तुत किया। वहीं फ्रॉस्ट विद फ्लेवर प्रतियोगिता में माताओं ने स्वादिष्ट व्यंजन तैयार किए और बच्चों ने प्लेटिंग, टेबल सजावट और प्रस्तुति में अपनी रचनात्मकता का परिचय देते हुए निर्णायकों का दिल जीता। कक्षा 1 और 2 के नन्हे छात्रों ने सरल और भावुक कार्ड बनाए, जबकि कक्षा 3 से 5 तक के बच्चों ने हस्तनिर्मित कार्ड तैयार कर अपनी माताओं के प्रति प्रेम और कृतज्ञता व्यक्त की। आयोजन के दौरान मां-बच्चे की जोड़ियों ने मंच पर नृत्य प्रदर्शन कर सभी का मन मोह लिया। इसके अलावा, रैम्प वॉक में बच्चों और माताओं ने आत्मविश्वास के साथ भाग लिया। विजेताओं को विशेष पुरस्कार और अनोखे खिताब देकर सम्मानित किया गया। विद्यालय की प्रधानाचार्या प्रगति कपूर ने कहा कि मां एक बच्चे की पहली शिक्षिका होती है, और इस आयोजन के माध्यम से उनके निःस्वार्थ प्रेम को सम्मानित करने का प्रयास किया गया।


