अमृतसर| पर्यावरण संरक्षण और संसाधनों के सदुपयोग की दिशा में अमृतसर ग्रुप ऑफ कॉलेजेज (एजीसी) ने एक सराहनीय मिसाल पेश की है। संस्थान ने परीक्षा के बाद बची हुई आंसरशीट के खाली पन्नों को बर्बाद करने के बजाय, उन्हें नोटपैड के रूप में पुन: उपयोग करने की व्यवस्था लागू की है। एजीसी के चेयरमैन एडवोकेट अमित शर्मा ने कहा कि कागज के पुनः उपयोग जैसे छोटे कदम सामूहिक रूप से पर्यावरण संरक्षण और कचरा प्रबंधन में बड़ी भूमिका निभा सकते हैं। कॉलेज प्रबंधन ने भविष्य में भी अपनी प्रशासनिक और शैक्षणिक गतिविधियों में पर्यावरण-अनुकूल पहलों को शामिल करने की प्रतिबद्धता दोहराई है।


