एजेंडा था वन नेशन- वन इलेक्शन:विपक्ष बोला- पानी के संकट पर बात हो, किया बहिष्कार; डेढ़ घंटे में सिमटी सभा

शहीद स्मारक भवन में मंगलवार को नगर निगम की विशेष सामान्य सभा में एक राष्ट, एक चुनाव का प्रस्ताव पास हो गया। 30 साल में पहली बार निगम की सामान्य सभा कार्यालय से बाहर हुई। इसमें एजेंडा वन-नेशन, वन- इलेक्शन पहले से तय था। महापौर मीनल चौबे ने इसी चर्चा शुरू की, लेकिन विपक्ष शहर के जल संकट पर चर्चा करने की बात पर अड़ा फिर सामान्य सभा का बहिष्कार कर दिया। कांग्रेस पार्षदों के जाने के बाद सभापति सूर्यकांत राठौर ने भाजपा पार्षदों की उपस्थिति में सभा में एक देश एक चुनाव के प्रस्ताव को पारित कर दिया। दिनभर और कई बार दो-दो दिन चलने वाली सामान्य सभी करीब डेढ़ घंटे में ही खत्म हो गई। इस दौरान भी केवल जन प्रतिनिधियों के भाषण ही ज्यादा देर हुए। मंगलवार को सुबह 11 बजे नगर निगम की विशेष सामान्य सभा शुरू हुई। महापौर मीनल चौबे, सभापति सूर्यकांत राठौर, कमिश्नर विश्वदीप समेत जनप्रतिनिधियों ने कश्मीर के बाइसरन घाटी में रायपुर के दिनेश मिरानिया समेत मारे गए 26 सिविलियन को श्रृद्धांजलि दी। खास बातें खाली कुर्सी पूरे समय सदन में रही चर्चा का विषय मंगलवार को सामान्य सभा में एजेंडे के अलावा पार्षद आकाश तिवारी का नहीं आना भी चर्चा का विषय रहा। दरअसल, कांग्रेसी पार्षद आकाश तिवारी और संदीप साहू के बीच नेता प्रतिपक्ष के पद को लेकर राजनीतिक खींचतान चल रही है। इस खींचतान की वजह दोनों पार्षद नहीं बल्कि कांग्रेस पार्टी है। सभा में नगर निगम सचिवालय ने बतौर नेता प्रतिपक्ष संदीप साहू के बैठने की व्यवस्था की थी। ठीक उनके बाजू की कुर्सी आकाश तिवारी के लिए पार्षद के नाते रखी गई थी। निगम सचिवालय के अनुसार संदीप ही नेता प्रतिपक्ष हैं। टोकाटाकी से नाराज कांग्रेसी चले गए सभा से बहस के दौरान टोकाटाकी से नाराज होकर कांग्रेसी पार्षदों ने विशेष सामान्य सभा का बहिष्कार कर दिया। उसके पूर्व कांग्रेस पार्षद लाल बहादुर शास्त्री वार्ड की पार्षद रेणु जयंत साहू ने कहा कि एक राष्ट्र, एक चुनाव सिर्फ कागजों पर अच्छा लगता है। इसका संघीय ढांचे पर बुरा असर होगा। पार्षद अर्जुमन ढेबर ने कहा कि हमें समय की जरूरत के अनुसार विषय पर चर्चा करनी चाहिए। शेख मुशीर ने कहा कि जनता की सहमति से संविधान के दायरे में एक राष्ट्र, एक चुनाव लागू करना उचित होगा। नेता प्रतिपक्ष संदीप साहू को बोलने का मौका मिला तो उन्होंने कहा कि इस विषय पर विशेष सामान्य सभा बुलाने की इतनी क्या जल्दी थी। इस दौरान भाजपा पार्षदों मनोज वर्मा, पार्षद आशु चंद्रवंशी, कृतिका जैन, राजेश गुप्ता, अमर गिदवानी, भोलाराम साहू ने टोकाटाकी शुरू कर दी। वे पिछले 15 साल के कार्यकाल पर सवाल उठाने लगे। उसके बाद संदीप ​सहित सभी कांग्रेसी पार्षद सभा छोड़कर बाहर निकल गए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *