इंदौर हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के चुनाव परिणाम बुधवार देर रात घोषित कर दिए गए हैं। अध्यक्ष पद पर मनीष यादव ने जीत दर्ज की है। वहीं उपाध्यक्ष पद पर अभिषेक तुगनावत को निर्वाचित घोषित किया गया। सचिव पद पर मनीष गडकर और सह सचिव पद पर अमित राज ने जीत हासिल की। एक्जीक्यूटिव मेंबर के रूप में राहुल पांचाल, तेजस जैन, अमन मालवीय, राशमेंद्र सूर्यवंशी और अर्निक जैन निर्वाचित हुए हैं। शुरुआती राउंड में अध्यक्ष पद के प्रत्याशी गौरव श्रीवास्तव आगे रहे। जबकि अगले चार से पांच राउंड में दोनों के बीच कड़ा मुकाबला रहा। 17वें राउंड के बाद मनीष यादव काफी आगे निकल गए। 20वें राउंड तक मनीष यादव ने बढ़त बनाए रखी और वे 20 वोट से विजयी रहे। उन्हें 512 वोट मिले, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी गौरव श्रीवास्तव को 492 वोट मिले। जबकि अध्यक्ष पद के तीन अन्य दावेदारों जीपी सिंह को 406, गमनीष जैन को 282 और पवन जोशी को 95 वोट मिले। उपाध्यक्ष पद पर एकतरफा जीत उपाध्यक्ष पद पर अभिषेक तुगनावत की जीत शुरू से ही स्पष्ट होती दिखी। उन्होंने 858 मत हासिल कर बड़े अंतर से चुनाव जीता। उनके मुकाबले अपूर्वा शुक्ला को 311, धर्मेंद्र साहू को 232, मधुसूदन यादव को 216 और भावना साहू को 162 मत मिले। सचिव पद पर कड़ा मुकाबला सचिव पद पर तीनों प्रत्याशियों के बीच कांटे की टक्कर रही। शुरुआती राउंड में बढ़त बदलती रही, लेकिन अंततः मनीष गडकर ने 652 मत प्राप्त कर जीत हासिल की। गोविंद राय को 582 और निलेश मनोरे को 533 मत मिले। सह सचिव पद पर रिकॉर्ड बढ़त सह सचिव पद पर सबसे बड़ी जीत दर्ज हुई। अमित राज ने 1027 मत प्राप्त कर स्पष्ट और रिकॉर्ड बढ़त बनाई। उनके प्रतिद्वंदी ज्ञानेंद्र शर्मा को 739 मत मिले। परिणाम आते ही जश्न परिणाम घोषित होते ही समर्थकों ने एक-दूसरे को बधाई दी। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने कहा कि वे अधिवक्ताओं की समस्याओं, सुविधाओं और हाईकोर्ट परिसर से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता से उठाएंगे। यहां जानिए किसे कितने वोट मिले अध्यक्ष पद मनीष यादव – 512 मत (विजयी) गौरव श्रीवास्तव – 492 मत जीपी सिंह – 406 मत मनीष जैन – 282 मत पवन जोशी – 95 मत उपाध्यक्ष पद अपूर्वा शुक्ला – 311 मत धर्मेंद्र साहू – 232 मत मधुसूदन यादव – 216 मत भावना साहू – 162 मत सचिव पद गोविंद राय – 582 मत निलेश मनोरे – 533 मत सह सचिव पद अमित राज – 1027 मत (विजयी) ज्ञानेंद्र शर्मा – 739 मत सुबह 9 से शाम 6 बजे तक 1914 वोटर्स ने किया मतदान मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज द्विवेदी एवं मीडिया प्रभारी अजय मिश्रा ने बताया कि हाई कोर्ट बार एसोसिएशन के चुनाव में शाम 6 बजे तक मतदान किया गया। इसके बाद शाम 7 बजे से काउंटिंग शुरू हुई जो रात 1 बजे तक चली। इसके बाद परिणाम घोषित किए गए। इस चुनाव में कुल 23 प्रत्याशी मैदान में थे। 2632 मतदाताओं में से 1914 मतदाताओं ने वोट डाले।


