एडिशनल एसपी पर भड़के गोविंद सिंह डोटासरा:बोले- हमारी यह औकात हो गई कि हम एक हेड कॉन्स्टेबल का ट्रांसफर नहीं करवा सकते

सीकर के जिला परिषद की साधारण सभा की बैठक में गोविंद सिंह डोटासरा डिशनल एसपी गजेंद्र सिंह जोधा पर भड़क गए। डोटासरा ने कहा- हमारी यह औकात हो गई कि हम एक हेड कॉन्स्टेबल का ट्रांसफर नहीं करवा सकते। जनप्रतिनिधि, विधायक या सांसद के कहने के बाद भी पुलिस रिस्पांस जीरो है तो लानत है। बैठक के बाद डोटासरा ने मीडिया से बातचीत में कहा- प्रदेश में पोपाबाई का राज चल रहा है। दरअसल, जिला परिषद के सभागार मे आज साधारण सभा की बैठक आयोजित हुई थी। डोटासरा बोले- हेड कॉन्स्टेबल बदतमीज बैठक के बीच गोविंद सिंह डोटासरा ने सीकर एडिशनल एसपी गजेंद्र सिंह जोधा को कहा- मैंने आपको कहा था कि हेड कॉन्स्टेबल (नेछवा पुलिस थाने में पोस्टेड ) बदतमीज है। उस मामले में कोई भी रिजल्ट नहीं आया। हेड कॉन्स्टेबल 7 दिन छुट्टी पर गया। फिर सुभाष महरिया ने कॉल किया तो उसे वापस ड्यूटी पर लगा दिया गया। पुलिस का हाल बुरा है एडिशनल साहब। जो श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ में पैसे ले रहे हैं। वह सारे के सारे सीकर में उतर गए हैं। यहां गुंडे पैसे ले रहे हैं। आप सब लोग तो ऐसे बैठे हो जैसे कि हमें तो नौकरी करनी है। भाड़ में जाए सीकर। ऐसा नहीं चलने देंगे। जनप्रतिनिधि, विधायक या सांसद के कहने के बाद भी यदि पुलिस रिस्पांस जीरो है तो लानत है। डोटासरा ने एडिशनल एसपी को कहा- मैंने आपको एक बात कही थी क्या किया आपने। वह हेड कॉन्स्टेबल वहीं बैठा है और कह रहा है करवा लो कुछ। डोटासरा ने कहा कि हमारी यह औकात हो गई कि हम एक हेड कॉन्स्टेबल को नहीं हटवा सकते। आप उसे ऑफिस में लगाओ न, एसपी या आपके रीडर लगा लो। अगर हम कहते हैं तो एक्शन होना चाहिए। हम जनता के चुने हुए प्रतिनिधि हैं। यहां कांग्रेस और बीजेपी नहीं है। चुना हुआ प्रतिनिधि सत्ता पर बराबर का हक रखता है। सांसद (अमराराम) कह रहा है फिर भी आप बराबर कह रहे हो ऐसा नहीं है,ऐसा नहीं है। आपको मुझे जवाब देना चाहिए था डोटासरा ने कहा- आप उस हेड कॉन्स्टेबल को कॉल करो। वह वहां पर ही पोस्टेड नहीं हो तो मैं यहां से रिजाइन करके जाता हूं। डोटासरा ने एडिशनल एसपी गजेंद्र सिंह जोधा को कहा कि आपको मुझे जवाब देना चाहिए था कि यह नहीं हो सकता क्योंकि यह महरिया साहब की मूंछ का सवाल है तो मैं आपको नहीं कहता। हारे हुए लोगों की आपको मानोगे तो जिला नहीं चलेगा। हम लोग इतने कमजोर नहीं है। एक हेड कॉन्स्टेबल की यह औकात है कि जो हमें कहे कि मेरा ट्रांसफर करवा दिया, जब कांग्रेस का शासन था। इसलिए अब मैं यहीं रहूंगा मेरी मर्जी से। डोटासरा ने एडिशनल एसपी को कहा- आपको सीकर में 2 साल हो गए। मैंने केवल दो बार ही आपको कॉल किया। यदि ऐसा रिस्पांस हो तो हम पुलिस से क्या उम्मीद कर सकते हैं। हमें कोई काम नहीं पड़ेगा। हम मुजरिम की पैरवी करने वाले नहीं है। दारू के मामलों में पैरवी करने वाले नहीं है,हम लोग तो जनता की पैरवी करते हैं। यदि उस पर कोई रिस्पांस नहीं आता है तो उस बात का क्या मतलब। बता दें कि आज सीकर में जिला परिषद सभागार में जिला परिषद की साधारण सभा की बैठक आयोजित हुई थी। इसमें सीकर के लक्ष्मणगढ़ विधायक और पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा के अलावा सीकर विधायक राजेंद्र पारीक,फतेहपुर विधायक हाकम अली भी मौजूद रहे थे। बैठक में बिजली,पानी,सड़क सहित कई मुद्दों पर चर्चा हुई। बैठक के बाद डोटासरा ने मीडिया से बातचीत में कहा कि प्रदेश में पोपाबाई का राज चल रहा है,कोई सुनने वाला और समझने वाला नहीं है और न कोई काम करने वाला है। हम भी जनता के प्रतिनिधि है। जितना भी काम हो जाए उतना ठीक है। अगले 3 साल बाद राज बदलना है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *