एडीएम ने शिविरों में बांटे पट्टे, प्रमाण पत्र:प्रेमपुरा और 27 पीबीएन में लाभार्थियों को मिला योजनाओं का फायदा

हनुमानगढ़ के अतिरिक्त जिला कलेक्टर (एडीएम) उम्मेदीलाल मीना ने गुरुवार को पीलीबंगा की ग्राम पंचायत प्रेमपुरा और 27 पीबीएन में ग्रामीण सेवा शिविरों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न योजनाओं के तहत प्रकरणों के निस्तारण की प्रगति की जानकारी ली और मौके पर ही लाभार्थियों को पट्टे तथा प्रमाण पत्र वितरित किए। एडीएम मीना ने बताया कि राज्य सरकार का उद्देश्य है कि आम जनता को सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। इसके बजाय, एक ही शिविर में सभी प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध हों ताकि लोगों को आसानी से योजनाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने शिविरों में राजस्व विभाग द्वारा लंबित फार्मर रजिस्ट्री के निस्तारण, आपसी सहमति से विभाजन, नामांतरण तथा मूल निवास एवं जाति प्रमाण पत्र बनाने की प्रक्रिया की समीक्षा की। इसके अतिरिक्त, प्रधानमंत्री जनधन योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना और अटल पेंशन योजना से संबंधित कार्यों में निस्तारण की प्रगति भी जानी। एडीएम ने विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया और आमजन से सीधा संवाद किया। शिविर में पीईईओ और डिस्कॉम के कर्मचारियों/अधिकारियों के गैरमौजूद रहने पर उन्हें नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया। वहीं, 27 पीबीएन में चिकित्सक की अनुपस्थिति पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को नियुक्ति के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए। इस अवसर पर पीलीबंगा एसडीएम उमा मित्तल और तहसीलदार नवीन गर्ग भी मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *