एथेनॉल प्लांट पर 24 करोड़ बकाया संपत्ति होगी कुर्क, किया मूल्यांकन

भास्कर न्यूज | कवर्धा राम्हेपुर स्थित एनकेजे बायोफ्यूल प्राइवेट लिमिटेड एथेनॉल प्लांट पर भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाना की 24 करोड़ 8 लाख रुपए की बकाया है। भुगतान नहीं करने पर तहसीलदार बोड़ला ने कंपनी के खिलाफ कुर्की का नोटिस जारी किया है। यह कार्रवाई शक्कर कारखाना के एमडी द्वारा 17 अप्रैल को भेजे गए पत्र के आधार पर की गई है। कंपनी पीपीपी मॉडल पर संचालित हो रही है, लेकिन निजी कंपनी मनमानी कर रही है। एथेनॉल बनाने के लिए कंपनी शक्कर कारखाना से रॉ- मटेरियल लेती है। साथ ही लाइसेंस शुल्क भी देना होता है। कंपनी ने अब तक भुगतान नहीं किया है। न्यायालय द्वारा कई बार पत्र भेजे गए, लेकिन कोई जवाब नहीं दिया। यह न्यायालय के वारंट का उल्लंघन है। छग भू-राजस्व संहिता 1959 की धारा 147(क) के तहत संपत्ति की कुर्की की कार्रवाई की जा रही है। इधर इस अव्यवस्था से किसानों में आक्रोश है। 17 सदस्यीय टीम प्लांट में पहुंची, देगी जांच रिपोर्ट प्रशासन ने कुर्की आदेश को लेकर सख्ती दिखाई है। राजस्व निरीक्षक के नेतृत्व में 17 सदस्यीय टीम बनाई गई है। इसमें एक राजस्व निरीक्षक, 5 पटवारी और 11 कोटवार शामिल हैं। टीम ने शनिवार 17 मई को एथेनॉल प्लांट की जांच और मूल्यांकन की। जांच रिपोर्ट और सूची तहसील कार्यालय में जमा करनी होगी। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पत्र भेजकर वसूली की मांग कोर्ट के वारंट का पालन नहीं दरअसल, कारखाना प्रबंधन ने 17 अप्रैल 2025 को पत्र भेजकर बकाया वसूली की मांग की थी। इसके बाद तहसीलदार ने एनकेजे बायोफ्यूल को नोटिस भेजा। मई 2025 तक बकाया भुगतान करने मोहलत दी गई थी। तय समय में न तो रकम जमा की गई, न ही कोई जवाब दिया गया। कंपनी ने न्यायालय द्वारा जारी वारंट का भी पालन नहीं किया। मामले में अब तक कंपनी से अधिकृत बयान नहीं आया है। किसान लामबंद, प्लांट का घेराव कर, तालाबंदी करेंगे उधर, किसानों का 19 करोड़ रुपए भुगतान नहीं करने और अमानक खाद बेचने को लेकर किसान लामबंद हो चुके हैं। एनकेजे कंपनी के विरोध में भारतीय किसान संघ 20 मई को बड़ा आंदोलन करने जा रहा है। एथेनॉल प्लांट का घेराव और उसमें तालाबंदी की जाएगी। प्रदर्शन को लेकर भारतीय किसान संघ गांव- गांव में बैठकें लेकर एकजुट कर रहे हैं। प्रदर्शन में किसानों की भारी भीड़ जुटने का अनुमान है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *