भास्कर न्यूज | लुधियाना नार्दन रेलवे मेन्स यूनियन ने बुधवार को एडीईएन ( असिस्टेंट डिविजनल इंजीनियर ) , लुधियाना को घेरा। रेलवे के ट्रैक मैनों को चार्जशीट व प्रमोशन एग्जाम गलत तरीके से फेल करने का आरोप लगाकर यूनियन ने घेरा बनाकर बीच में एडीईन को खड़ा किया और सामने ही खाली पीपे बजाकर प्रदर्शन किया। बाद में डीईएन, फिरोजपुर के मामले में मध्यस्थता और यूनियन से बैठक के बाद ही मामला कुछ हद तक सुलझा। इसके बाद ही एडीईन को जाने दिया गया। एनआरएमयू के कार्यकर्ता बुधवार को एडीईन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करते हुए उनके ऑफिस में पहुंचे। वहां पहुंचते ही उन्होंनें बाहर ही एडीईन को घेर लिया। एडीईन को बीच में खड़ा करके नारेबाजी शुरू कर पीपा परेड की गई। यूनियन के चारों ब्रांचों के कन्वीनर घनश्याम सिंह, मंडल उप प्रधान कामरेड अमर सिंह व इंजीनियरिंग ब्रांच के शाखा सचिव प्रदीप कुमार ने कहा कि एडीईन की तरफ से गलत तरीके से ट्रैक मैनों को प्रमोशन में फेल किया जा रहा है और चार्ज शीट दी जा रही है। जबकि रेलवे क्वार्टरों की भी मेनटेनेंस नहीं करवाई जा रही है। इस बारे में यूनियन भी कई बार अधिकारी को कह चुकी है। लेकिन उनका रवैया हमेशा टालने वाला रहा है। तकरीबन 4 घंटे तक यह धरना प्रदर्शन चलता रहा। इसके बाद डीईएन, फिरोजपुर पहुंचे और मध्यस्थता कर यूनियन के साथ बैठक की। उन्होंने एडीईन को फेल किए गए कर्मचारियों के रिजल्ट को दोबारा रिव्यू कर पास करने और गलत तरीके से दी गई चार्जशीट को वार्निंग देकर माफ करने के बारे में निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्हें क्वार्टरों की मेनटेनेंस के लिए समय-समय पर यूनियन से बैठक कर मामले को हल करने के लिए कहा। इस मौके पर यूनियन के ब्रांच प्रधान प्रकाश, पलविंदर सिंह गरचा, गुरप्रीत सिंह के अलावा अन्य भी मौजूद थे। उत्तर रेलवे मजदूर यूनियन द्वारा यूनीफाइड पेंशन स्कीम का विरोध जारी है। वीरवार को लगातार तीसरे दिन यूनियन ने इसे लेकर विरोध प्रदर्शन किया और यूनीफाइड पेंशन स्कीम की प्रतियां जलाई और ओल्ड पेंशन स्कीम लागू करने की मांग की। डीजल शेड में आयोजित गेट मीटिंग को संबोधित करते हुए यूनियन के फिरोजपुर मंडल के डिवीजनल प्रेसीडेंट अश्विनी कुमार ने कहा कि पूरे भारत में यूनियन द्वारा 17 से 21 मार्च तक सरकार द्वारा शुरू की गई यूपीएस स्कीम का विरोध किया जा रहा है। रेलवे के विभिन्न ब्रांचों में इसका विरोध जारी है। उन्होंने कहा कि कहा कि सरकार ने कर्मचारियों से धोखा किया है। जो वादा युवाओं और कर्मचारियों के भविष्य को सुरक्षित करने का किया गया था, उसके विपरीत उन्हें अंधकार में धकेला जा रहा है। इस मौके पर ब्रांच प्रेसीडेंट प्रदीप कुमार तिवारी, सेक्रेटरी अजीत सिंह, कैशियर सुखचैन सिंह, वर्किंग प्रेसीडेंट काली चरण शर्मा, जसविंदर सिंह, शुभ कुमार, भूषण शर्मा, सुभाष कुमार के अलावा बड़ी संख्या में रेलवे कर्मचारी मौजूद थे।


