छत्तीसगढ़ के धमतरी में एनएचएम कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर अनोखा प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने पीपीई किट पहनकर कोरोना काल में की गई सेवाओं को प्रदर्शित किया। धमतरी के गांधी मैदान में पिछले 11 दिनों से एनएचएम कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। कर्मचारियों ने इस दौरान छत्तीसगढ़ी जसगीत, नाट्य प्रदर्शन और नेताओं के मुखौटे पहनकर विरोध जताया। कर्मचारियों ने बताया कि कोरोना काल में उन्होंने 6-6 घंटे पीपीई किट पहनकर ड्यूटी की। उस समय उन्हें कोरोना योद्धा कहा गया और ताली-थाली बजाकर सम्मानित किया गया। लेकिन अब तक उनकी मांगें पूरी नहीं की गईं। प्रदर्शनकारियों ने दिलाई कोरोना काल की याद प्रदर्शनकारियों ने याद दिलाया कि कोरोना काल में कई मरीजों के परिजन उन्हें छोड़कर चले गए थे। एनएचएम कर्मचारियों ने ऐसे सभी मरीजों की देखभाल की। उनकी प्रमुख मांगों में नियमितिकरण, अनुकंपा नियुक्ति, ग्रेड पे, संविलियन और स्थानांतरण शामिल हैं। कर्मचारियों का कहना है कि प्रदर्शन का मुख्य उद्देश्य कोरोना काल में की गई सेवाओं को याद दिलाना है। उन्होंने दिखाया कि कैसे मरीजों का टेस्ट किया, उनका इलाज किया और उन्हें बचाया।


