छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एनएचएम कर्मचारी संघ के कार्यकारी प्रांताध्यक्ष श्याम मोहन दुबे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। वो अपनी मांगों को लेकर विधानसभा स्पीकर डॉ. रमन सिंह को ज्ञापन देने सर्किट हाउस जा रहे थे। इस दौरान पुलिस उन्हें गिरफ्तार कर सिविल लाइन थाने ले गई। ऐसे में कर्मचारियों ने थाने पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया। कर्मचारियों के दबाव में दुबे को रिहा करना पड़ा। हड़ताल के 13वें दिन कर्मचारियों ने अनोखे अंदाज में विरोध जताया। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल और वित्त मंत्री ओपी चौधरी का मुखौटा पहनकर ‘क्या हुआ तेरा वादा’ गाना बजाया। इधर, सरकार ने हड़ताली कर्मचारियों को नोटिस जारी किया है। छत्तीसगढ़ शासन के सचिव और जिले के सीएमएचओ ने संविदा कर्मचारियों को काम पर लौटने का आदेश दिया है। कर्मचारियों ने विरोध में नोटिस की प्रतियां जला दीं। बताया जा रहा है कि शासन हड़तालियों पर कड़ी कार्रवाई कर सकती है। श्याम मोहन दुबे की गिरफ्तारी से लेकर रिहाई तक कर्मचारी सर्किट हाउस, सिविल लाइन थाने और कलेक्टोरेट में एकजुट रहे। कर्मचारियों ने आंदोलन के दौरान की गई इस दमनात्मक कार्रवाई का कड़ा विरोध किया।


