एनएच-353 पर 8 को चक्काजाम की चेतावनी दी

भास्कर न्यूज| महासमुंद नगर के वार्ड क्रमांक 16, त्रिमूर्ति कॉलोनी में लगानी भूमि पर हो रहे अवैध अतिक्रमण ने अब एक बड़े आंदोलन का रूप ले लिया है। बार-बार शिकायत के बावजूद प्रशासन द्वारा कोई कार्रवाई न किए जाने से नाराज क्षेत्रवासियों ने आगामी 8 फरवरी को नेशनल हाईवे-353 पर विशाल धरना प्रदर्शन करने का निर्णय लिया है। क्षेत्रवासियों और त्रिमूर्ति सहकारी गृह निर्माण समिति के सदस्यों का कहना है कि जिस लगानी भूमि पर अवैध कब्जा किया जा रहा है, वहां भविष्य में एक व्यवसायिक कॉम्प्लेक्स बनना प्रस्तावित है। प्रमोद चन्द्राकर, आकाश चन्द्राकर ने बताया कि अवैध दुकानों की बढ़ती संख्या के कारण भविष्य के निर्माण कार्य में गंभीर बाधा उत्पन्न हो रही है। अवैध कब्जों की वजह से सड़क संकरी हो गई है, जिससे आए दिन ट्रैफिक जाम और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। अव्यवस्थित भीड़ के कारण कॉलोनी की सुरक्षा और शांति भी प्रभावित हो रही है। धरना प्रदर्शन से पूर्व नागरिकों ने नगर पालिका और एनएचएआई को पृथक-पृथक ज्ञापन सौंपकर स्पष्ट किया है कि राष्ट्रीय राजमार्ग अधिनियम के तहत तत्काल अवैध अतिक्रमण हटाया जाए। यदि रविवार तक ठोस कार्रवाई नहीं होती है, तो नेशनल हाईवे पर धरना दिया जाएगा। आंदोलन के कारण उत्पन्न होने वाली किसी भी स्थिति की संपूर्ण जिम्मेदारी नगर पालिका प्रशासन की होगी। त्रिमूर्ति कॉलोनी के निवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों को अनसुना किया गया, तो आने वाले दिनों में इस आंदोलन को और भी अधिक उग्र और व्यापक बनाया जाएगा। प्रशासन की चुप्पी से बढ़ा कॉलोनीवासियों का गुस्सा कॉलोनी के पूर्व अध्यक्ष दाउलाल चन्द्राकर एवं अन्य सदस्यों ने बताया कि इस समस्या के समाधान के लिए 14 जनवरी को ही नगर पालिका अध्यक्ष और सीएमओ को लिखित शिकायत दी गई थी, लेकिन लंबे समय के बाद भी पालिका व राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की ओर से कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *