ट्रैफि​​क सिग्नल हफ्तेभर से नहीं कर रहे हैं काम, आए दिन जाम और हादसे भी हो रहे

जिला मुख्यालय महासमुंद में इन दिनों यातायात व्यवस्था पटरी से उतरने लगी है। नेशनल हाइवे 353 सहित शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर लगाए गए ट्रैफिक सिग्नल बीते कई दिनों से बंद पड़े हैं। जिम्मेदार अधिकारी मरम्मत के नाम पर पल्ला झाड़ रहे हैं, वहीं दूसरी ओर यातायात पुलिस की मैदानी मुस्तैदी केवल कागजों और चाय की टपरियों तक सिमटकर रह गई है। शहर का सबसे व्यस्ततम बरोंडा चौक वर्तमान में अव्यवस्था का केंद्र बना हुआ है। यहां से चौबीसों घंटे भारी वाहनों और स्थानीय आवाजाही का दबाव रहता है। पिछले एक सप्ताह से यहां का ट्रैफिक सिग्नल बंद है। जब इस संबंध में जिम्मेदारों से जानकारी ली गई, तो उन्होंने सिग्नल बॉक्स क्षतिग्रस्त होने का हवाला देकर अपना पल्ला झाड़ लिया। सवाल यह उठता है कि एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी इसे दुरुस्त क्यों नहीं किया गया? शहर की यातायात व्यवस्था का आलम यह है कि केवल नेहरू चौक पर ही सिग्नल काम कर रहा है। इसके अलावा अंबेडकर चौक, कचहरी चौक, नगर पालिका चौक और थाना चौक पर लगे सिग्नल सिर्फ लोहे के खंभे बनकर रह गए हैं। सिग्नल बंद होने के कारण चारों दिशाओं से वाहन एक साथ चौक पर आ जाते हैं, जिससे आए दिन जाम और छोटी-मोटी दुर्घटनाएं हो रही हैं। सिग्नल को समय रहते सही नहीं करवाया गया तो कभी भी बड़ा हादसा घट सकता है। दिन में तो कहीं न कहीं ट्रैफिक पुलिस के डर से लोग थोड़े अनुशासित नजर आते हैं, लेकिन शाम होते ही ट्रैफिक पुलिस की ड्यूटी भी खत्म हो जाती है। फिर रात तक भारी वाहनों का आवागमन रहता है। ऐसे में भी दोपहिया वाहनों और पैदल सड़क पार करने वाले लोगों पर खतरा बना रहता है। तेज रफ्तार कार क्रेन से टकराई, पांच हुए घायल महासमुंद के अंबेडकर चौक में भी ट्रैफिक सिग्नल लंबे समय से बंद पड़ा है। गुरुवार को शाम 4 बजे के करीब ओवर ब्रिज में तेज रफ्तार कार क्रेन से टकरा गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि कार में सवार पांच लोग घायल हो गए। टीआरई नरेंद्र राठौर ने बताया कि कार में सवार पांचों बालोद के निवासी है। चालक यज्ञदीप आर्य, शिवांश सिन्हा को अधिक चोंटे आई हैं। बाकि तीन रजनीकांत, हेमेंद्र सिन्हा, भूपेंद्र ठाकुर को हल्की चोंटें आई हैं। जल्द सुधरवाया जाएगा: वहीं यातायात प्रभारी रामभजन सिन्हा का कहना है कि ट्रैफिक सिग्नल का बाक्स किसी वाहन से टकराने से क्षतिग्रस्त हो चुका है। सुधार के लिए जानकारी दे दी गई है। जल्द सुधार करवाया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *