डॉक्टर बनने का सपना देख रहे विद्यार्थियों के लिए अब परीक्षा के बाद मौके और बढ़ गए हैं। नेशनल मेडिकल कमीशन (एनएमसी) नई दिल्ली ने देश में एमबीबीएस सीटों की संख्या बढ़ा दी है। इससे नीट-यूजी 2026 में शामिल होने वाले लाखों छात्रों के लिए अवसर और बेहतर हो गए हैं। नेशनल मेडिकल कमीशन (एनएमसी) नई दिल्ली की ओर से जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार साल 2026 में एमबीबीएस सीटों की संख्या में पिछले साल की तुलना में करीब 15 हजार सीटों की बढ़ोतरी हुई है। एजुकेशन एक्सपर्ट देव शर्मा ने बताया कि साल 2025 में देश के 775 मेडिकल संस्थानों में कुल 1 लाख 15 हजार 900 एमबीबीएस सीटें थीं, जबकि वर्ष 2026 में यह संख्या बढ़कर 824 मेडिकल संस्थानों में 1 लाख 29 हजार 603 सीटें हो गई है। यह बढ़ोतरी नीट-यूजी 2026 में भाग लेने वाले लगभग 24 लाख विद्यार्थियों के लिए काफी उत्साहजनक है। एजुकेशन एक्सपर्ट शर्मा ने बताया कि नीट-यूजी 2026 के लिए आनलाइन आवेदन फरवरी 2026 के पहले सप्ताह से शुरू होने की संभावना है। पिछले साल नीट-यूजी 2025 के आवेदन 7 फरवरी 2025 से शुरू हुए थे। हाल ही में एनटीए की ओर से आयोजित जेईई-मेन 2026 (जनवरी सेशन) के प्रश्नपत्र स्टेटमेंट-बेस्ड और कॉलम-मैचिंग जैसे मल्टी-कांसेप्चुअल प्रश्नों पर आधारित थे। फॉर्मूला और फैक्ट आधारित प्रश्न कम पूछे गए थे। चूंकि नीट-यूजी 2026 का आयोजन भी एनटीए द्वारा किया जाएगा, ऐसे में विद्यार्थियों को इसी तरह के स्टेटमेंट-बेस्ड और कांसेप्चुअल प्रश्नों की अच्छी तैयारी करनी चाहिए। कुल मिलाकर, सीटों में बढ़ोतरी नीट-यूजी 2026 विद्यार्थियों के लिए नए अवसर लेकर आ रहा है।


