झालावाड़ में कुष्ठ रोग की शीघ्र पहचान और समय पर उपचार सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज स्वास्थ्य विभाग ने एक रैली का आयोजन किया। यह रैली ‘स्पर्श कुष्ठ रोग जागरूकता अभियान’ के तहत आयोजित की गई। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. साजिद खान ने बताया कि जिले में ‘स्पर्श कुष्ठ रोग जागरूकता अभियान’ संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर सर्वे कर रही हैं और संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान कर रही हैं। अभियान का उद्देश्य आमजन को कुष्ठ रोग के लक्षण, इलाज और इससे जुड़ी भ्रांतियों के प्रति जागरूक करना है। अधिकारियों ने बताया कि कुष्ठ रोग पूरी तरह से उपचार योग्य है और समय पर इलाज से विकलांगता को रोका जा सकता है। इस दौरान संदिग्ध मरीजों की जांच की जा रही है और उन्हें निःशुल्क दवा तथा परामर्श उपलब्ध कराया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से अपील की है कि त्वचा पर सुन्नपन, हल्के रंग के धब्बे या घाव जैसे लक्षण दिखने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें और इस अभियान में सहयोग करें।


